स्वाइन फ्लू के दो और मरीज मिले, संख्या पहुंची 107
मेरठ। मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में सोमवार को दो और मरीजों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें एक महिला निजी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत है। स्वास्थ्य विभाग ने इनके परिवार के लोगों को भी एहतियातन टेमी फ्लू की दवाई दी है।
इस साल मेरठ में अब तक 107 लोगों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में अन्य जिलों के भी 18 लोगों में स्वाइन फ्लू मिला है। इस दौरान कुल 620 लोगों की जांच हुई है। इनमें 12 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 9 मेरठ और तीन दूसरे जिलों के हैं। चिकित्सकों का कहना है कि स्वाइन फ्लू से बचने के लिए सर्दी, जुकाम और बुखार होने पर चिकित्सक से इलाज कराएं। लापरवाही न करें। फिलहाल आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स, कोल्ड कॉफी, फास्ट फूड, ठंडा दूध, पेस्टी और केक आदि चीजों का इस्तेमाल करने से बचें। अपने गला नम रखें। गर्म पानी और गरारे से दोस्ती करें। तला-भुना या मसालेदार भोजन करने से बचें और विटामिन सी का सेवन करें। खांसी-जुकाम और छींकने वालों से थोड़ी दूरी बनाकर रखें, हाथ मिलाने से परहेज करें।