मेरठ। इस वर्ष की शुरुआत में मेरठ रेंज के चारों जनपदों में डीआईजी के निर्देश पर गैंगस्टर एक्ट के 50 अभियोग दर्ज कर 194 बदमाशों को चिन्हित किया था। इनमें से 130 गैंगस्टर के आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें मेरठ पुलिस ने 62 गैंगस्टर पकड़े हैं।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि रेंज के सभी जनपदों में गठित 30 विशेष टीमों ने दो सप्ताह के भीतर 130 गैंगस्टर को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इन गिरफ्तारियों में कई ऐसे अपराधी भी शामिल हैं जिन पर इनाम घोषित था। डीआईजी ने बताया कि पुलिस अब पकड़े गए अपराधियों की गैंगस्टर एक्ट के तहत अर्जित अवैध संपत्ति को भी सीज करने की कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि जनपद मेरठ में 26 अभियोगों में 100 अभियुक्त, बुलंदशहर में 10 अभियोगों में 35, बागपत में 6 अभियोगों में 29 और हापुड़ में 8 अभियोगों में 30 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर के मामले दर्ज किए गए हैं। अब तक मेरठ में 62, बुलंदशहर में 25, बागपत में 21 और हापुड़ में 22 गैंगस्टर गिरफ्तार किए जा चुके हैं।