बलकटी से लेखपाल पर हमला
सरधना। छुर गांव से सोमवार सुबह बड़ौत तहसील में कार्यरत लेखपाल बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इसी बीच रास्ते में सामने से एक बुग्गी आ गई। आरोप है कि बुग्गी चालक ने बिना किसी उसे बलकटी से हमला कर घायल कर दिया। उसने वहां से दौड़कर जान बचाई। घायल लेखपाल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के छुर गांव निवासी उमंग सिंह पुत्र सवाचंद बड़ौत तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत है। वह सोमवार को बाइक पर सवार होकर ड्यूटी पर जा रहा था। इस दौरान गांव के रास्ते में बुग्गी पर आ रहे एक किसान ने उससे गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने लेखपाल पर बलकटी से हमला कर दिया। इसमें लेखपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्होंने किसी तरह लेेखपाल को बचाया। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। इसके बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।