आज से अभियान, टीबी के मरीजों की होगी पहचान
मेरठ। जिला क्षय रोग विभाग का घर-घर टीबी के मरीज तलाशने का अभियान मंगलवार से शुरू होगा, जो 14 सितंबर तक चलेगा। इस संबंध में 163 टीमों का गठन किया है। इसमें 34 कर्मचारियों द्वारा सुपरविजन किया जाएगा। 12 मेडिकल ऑफिसरों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। 446575 की जनसंख्या पर टीबी के लक्षणों की स्क्रीनिंग की जाएगी, जो मरीज मिलेंगे उनका इलाज शुरू किया जाएगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि टीबी खोज अभियान के तहत सामुदायिक बैठकें, मस्जिद, मंदिरों में एलान, वाहन द्वारा प्रचार-प्रसार, रेलवे स्टेशन पर एलान, स्कूल एवं मदरसा रैली आदि का आयोजन किया जाएगा। निक्षय पोषण योजना का लाभ पाने के लिए मरीज के पास बैंक खाता विवरण और आधार नंबर होना अनिवार्य है। टीबी का इलाज पा रहे मरीजों की सूचना निक्षय पोर्टल पर अपलोड होगी। गौरतलब है कि 2025 तक देश को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
यहां चलेगा अभियान
मेडिकल कॉलेज, कैंट के विभिन्न क्षेत्रों यूपीएचसी-लल्लापुरा, मलियाना, साबुन गोदाम, मकबरा डिग्गी, पुलिस लाइन, अब्दुल्लापुर, भावनपुर, रजपुरा, मवाना, रोहटा, खरखौदा, माछरा, सरूरपुर, दौराला और भावनपुर आदि स्थानों पर चलेगा अभियान।