मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल रोड पर सोमवार को ट्रक ने बाइक सवार जीजा-साले को कुचल दिया। दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार परतापुर के गगोल गांव निवासी राजेंद्र ने राजस्थान के एक धार्मिक स्थल पर सोमवार शाम बड़े वाहन से जाने का कार्यक्रम बनाया था। इसके लिए उनके रिश्तेदार भी परिवार सहित गांव में आए हुए थे। राजेंद्र के बहनोई हापुड़ जनपद के सिंभावली निवासी मंगलसेन (32) पुत्र संतराम और मंगलसेन के बहनोई अलीपुर थाना बहादुरगढ़ जिला हापुड़ निवासी अशोक (40) भी आए हुए थे। अशोक और मंगलसेन (जीजा-साले) सोमवार दोपहर करीब 12 बजे खाना खाने के बाद राजेंद्र के यहां से बाइक लेकर परतापुर में सामान खरीदने चले गए।
बाजार से लौटते वक्त गगोल रोड पर रास्ते में मुड़ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए। उनकी बाइक ट्रक के नीचे घुस गई। ट्रक का पहिया चढ़ने से मंगलसेन की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अशोक को आसपास के ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। लेकिन बीच रास्ते में अशोक ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच वहां से गुजर रहे मंगलसेन के रिश्तेदार गगोल निवासी इंद्रजीत ने हादसे की जानकारी गांव में दी तो परिजनों में कोहराम मच गया।
दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट
इंस्पेक्टर परतापुर जीएस त्रिपाठी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अशोक के सिर में गहरी चोट लगी थी। दोनों ने ही हेलमेट नहीं पहना था। यदि हेलमेट होता तो शायद दोनों की जान बच सकती थी।
खास बातें:
परतापुर क्षेत्र के गगोल रोड पर हुआ हादसा
गगोल गांव में हापुड़ से रिश्तेदारी में आए थे