मेरठ। एनएच-58 पर मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश के पैर में पुलिस की गोली लगी जबकि दूसरा बदमाश पुलिस पर फायरिंग करता हुआ फरार हो गया।
परतापुर इंस्पेक्टर परशुराम त्रिपाठी अपनी पुलिस टीम के साथ हाईवे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बाइक सवार दो बदमाशों की हाईवे स्थित सुभारती कॉलेज के सामने वेदव्यासपुरी में घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने गोलियां चला दीं। जवाबी फायरिंग में पुलिस की एक गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जिसमें वह घायल हो गया जबकि दूसरा बदमाश भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश सोनू पुत्र असगर निवासी समर गार्डन लिसाड़ी गेट है। सोनू पर ब्रह्मपुरी, टीपी नगर, कंकरखेड़ा और लिसाड़ी गेट थाने में लूट और आर्म्स एक्ट के एक दर्जन से अधिक मुकदमे हैं। वह टीपी नगर से गैंगेस्टर एक्ट के केस में वांछित चल रहा था। उस पर दस हजार का इनाम है।
वहीं, मुठभेड़ की सूचना पर एसपी सिटी रणविजय सिंह और सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। घायल बदमाश मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपी से एक बाइक और एक तमंचा बरामद किया गया है।