मेरठ। ग्रामीण बिजली की बढ़ी दरों के खिलाफ रालोद ने बुधवार को कलक्ट्रेट पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एसडीएम राजेश कुमार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। कहा कि अगर 12 जुलाई तक बढ़ी दरें वापस नहीं हुई तो पार्टी 13 जुलाई से 12 अगस्त तक प्रदेश भर में पोल खोल हल्ला बोल आंदोलन चलाएगी।
इससे पूर्व कमिश्नरी पार्क में आयोजित सभा में राष्ट्रीय महासचिव डॉ. मेराजुद्दीन अहमद और प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि योगी सरकार ने गत एक अप्रैल से ग्रामीण बिजली दरें दोगुनी कर दी हैं। नलकूपों का बिल दो हजार रुपये महीने का भेजा जा रहा है। किसानों को गन्ने का बकाया भुगतान नहीं मिल सका है और बिजली विभाग बकाये में कनेक्शन काट रहे हैं। जिलाध्यक्ष राहुल देव व प्रवक्ता सुनील रोहटा ने सरकार पर तमाम मोर्चे पर फेल होने का आरोप लगाया। प्रदेश सचिव एनुद्दीन शाह ने कहा कि 4923 रुपये औसत मासिक आय वाला ग्रामीण 850 रुपया प्रतिमाह घरेलू बिल और 2 हजार प्रतिमाह नलकूप बिल कैसे दे सकता है। रालोद इस पर चुप बैठने वाला नहीं है।
इस मौके पर पूर्व विधायक परवेज हलीम, यशवीर सिंह, इंद्रपाल सिंह, राजेंद्र चिकारा, राममेहर गुर्जर, योगेश फौजी, अजेंद्र शर्मा, ज्ञानेंद्र शर्मा, कमलजीत सिंह, भोपाल सिंह, वरुण करनावल, नीटू ढढ़रा, रतन सिंह, अभिमन्यु ललसाना, विशाल पार्षद, रघुवंश अछरौंडा, सुबोध भदौड़ा, महावीर गुर्जर, मेजर सुरेंद्र, चंचल मलिक, शिवम त्यागी, नायब अली, फुरकान अलवी आदि मौजूद रहे।