मेरठ। करन पब्लिक स्कूल के मैदान पर चल रही अंडर-16 क्रिकेट चैंपियनशिप में अंतिम लीग मैच में नीलकंठ व करन की टीम ने जीत दर्ज की।
मैच नीलकंठ व राधागोविंद के बीच हुआ। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 22.1 ओवरों में 128 रन बनाए। उवैस ने 26 व सलमान ने 16 रन बनाए। वहीं विपक्षी टीम के केशव व उज्जवल ने दो-दो विकेट झटके। पीछा करने उतरी राधा गोविंद की टीम 17.5 ओवर में 88 रन पर ही सिमट गई। रणवीर ने 22 व आदिल ने 20 रन बनाए। वहीं विजय व सलमान ने तीन-तीन विकेट लिए।
दूसरे मैच से पहले करन पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या पारुल चौधरी ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया। करन की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की। जिसमें 30 ओवरों में छह विकेट पर 220 रन बनाए। अनिकेत मलिक ने शानदार 155 व अनिल ने 28 रन बनाए। अरमान ने तीन विकेट लिए। एसपी सिंह क्रिकेट एकेडमी टीम स्कोर का पीछा करते हुए 25.3 ओवर में 190 रनों पर ढेर हो गई। फईम ने सर्वाधिक 55 व अरबाज ने 40 रन बनाए। अनिकेत मलिक ने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए। आयोजन सचिव अतहर अली ने बताया कि शुक्रवार को एक मैच खेला जाएगा।