मेरठ। सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति के सलाहकार अतुल कृष्ण ने गृह मंत्री, सीएम और पुलिस के आला अधिकारियों को भेजे पत्र में आरोप लगाते बताया कि सोमवार सुबह 9 बजे उनके फोन पर सीयूजी नंबर 9454400299 से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को एसपी मिर्जापुर आशीष तिवारी ने एक छात्रा का नाम लेते हुए कहा कि ये छात्रा आपके विवि में परीक्षा दे रही है, उसके साथ कुछ गलत नहीं होना चाहिए व उसे परेशान नहीं किया जाना चाहिए। इस पर अतुल कृष्ण ने कहा कि उनके विश्वविद्यालय में किसी भी छात्र या छात्रा के साथ अन्याय नहीं होता।
खुद को एसपी बताने वाले ने धमकी देते कहा कि तुम्हारे खिलाफ तहरीर मेरे पास हैं। जिसे मैं प्राथमिकी में बदलकर केस मेरठ ट्रांसफर करा सकता हूं। अतुल कृष्ण के अनुसार उन्होंने फिर शालीनता से जवाब दिया लेकिन फिर भी धमकी मिलती रही कि तुम्हारे ऊपर एक नहीं दस-दस प्राथमिकी दर्ज कराऊंगा तो तब पता चलेगा, जब एक जगह से दूसरी जगह भागते फिरोगे। साथ ही सीबीआई में भी प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी दी। अतुल कृष्ण के अनुसार मैंने अंत में उनसे कहा कि वे अविलंब प्राथमिकी दर्ज करा दें। अतुल कृष्ण ने एसपी मिर्जापुर के खिलाफ उचित विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।