डेरा प्रकरण के चलते हरियाणा और पंजाब की तरफ जाने वाली ट्रेनें कर दी गई थीं रद
मेरठ। डेरा प्रकरण को लेकर ठप हुआ हरियाणा और पंजाब का रेल यातायात रविवार को आंशिक रूप से सामान्य हो गया। लेकिन वाया मेरठ से हरियाणा व पंजाब से होकर गुजरने वाली ट्रेन नहीं चलने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को कोर्ट द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद हुई हिंसा के चलते रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित चल रहा है। स्थिति कुछ नियंत्रण में होने के बाद उत्तर रेलवे ने कुछ ट्रेनों का संचालन तो सामान्य कर दिया, लेकिन दिल्ली से वाया मेरठ हरियाणा, पंजाब और जम्मू आदि जाने वाली ट्रेन अभी तक प्रभावित हैं। जम्मू से दिल्ली जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस न सुबह आई और न ही शाम को जम्मू के लिए रवाना हो सकी। जालंधर से दिल्ली जाने वाली सुपर एक्सप्रेस को दोनों ओर से रद्द रखा गया है। वहीं अमृतसर-बिलासपुर के बीच चलने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भी दोनों तरफ से रद्द चल रही है। इसके अलावा कालका पैसेंजर और इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस भी सामान्य नहीं हो सकी है। सिटी स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा का कहना है कि सोमवार को डेरा प्रमुख को सजा सुनाई जानी, जिसके चलते अभी भी तनाव है। इस कारण काफी ट्रेनों का संचालन नहीं हो सका है।