किसान को मिला न्याय, आयुक्त ने कराई एफआईआर वापस
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
मंडलायुक्त कार्यालय में बृहस्पतिवार को मित्र दिवस आयोजित हुआ। इसमें आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने जनता की शिकायतें सुनी। इस मौके पर बड़ौत तहसील निवासी किसान सत्यपाल की शिकायत का मौके पर ही निस्तारण करते हुए उसके विरुद्ध विद्युत विभाग द्वारा कराई गई एफआईआर को तत्काल वापस लेने के निर्देश दिए।
पीड़ित किसान द्वारा शिकायत की गई थी कि ग्राम मौजीजाबाद में विद्युत विभाग द्वारा लगाई जा रही 33 केवी की नई विद्युत लाइन सर्वे मानचित्र के अनुसार न बनाकर प्रार्थीगण के खेत में खींची जा रही है। उनके द्वारा उक्त विद्युत लाइन सर्वे मानचित्र के अनुसार सर्विस रोड से विद्युत लाइन बनाने का अनुरोध किया गया। प्रकरण की सुनवाई करते हुए आयुक्त ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को विद्युत विभाग द्वारा शिकायतकर्ता के विरुद्ध दर्ज कराई गई एफआईआर को वापस लेने व शिकायतकर्ता के विरुद्ध धारा-110 जी के अंतर्गत किये गये चालान को निरस्त करने का आदेश दिया। इसके साथ ही एसडीएम बड़ौत को निर्देश दिया कि धारा 110-जी के अंतर्गत कार्यवाही अभ्यस्त अपराधी के विरुद्ध की जाती है, जबकि प्रकरण में कार्रवाई किसानों के विरुद्ध की जा रही है। ऐसे में इस धारा के तहत कार्रवाई करने वाले एसओ बड़ौत से स्पष्टीकरण मांगा जाए।
मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने मित्र दिवस पर शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह जन सामान्य की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। इस दौरान आयुक्त ने कई शिकायतों का निस्तारण किया और आदेश जारी किये। मौके पर उपजिलाधिकारी मेरठ संतोष बहादुर सिंह, उपजिलाधिकारी बड़ौत अरविंद कुमार द्विवेदी, अधीक्षण अभियंता विद्युत बड़ौत रामवीर सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत बड़ौत एसपी टांक, एसडीओ विद्युत बड़ौत सुधाकर के साथ ही शिकायतकर्ता श्यामवीर, सत्यपाल व वेदपाल मौजूद रहे।
खास बात
मित्र दिवस में बड़ौत के किसान ने रखी थी शिकायत, थानाध्यक्ष बड़ौत का स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश