मेरठ। डीएम समीर वर्मा ने कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर कांवड़ सेवा शिविर संचालकों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि शिविर संचालकों को सिंगल विंडो से सेवा शिविर आयोजन की अनुमति मिलेगी। लेकिन शिविर संचालक भी शिविर में मानकों का पूरा ध्यान रखें।
बृहस्पतिवार को चौधरी चरण सिंह विवि के बृहस्पति भवन में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ी पवित्र यात्रा है। इसको निर्विघ्न संपन्न कराने में सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिविर संचालक अनुशासन व मर्यादाओं का ध्यान रखें। शिविरों में फूहड़ता, अश्लीलता व तेज साउंड का उपयोग न होने दें। उन्होंने कांवड़ शिविर संचालकों से कहा कि वह अपने-अपने शिविरों में गंगाजल व अतिरिक्त कांवड़ की भी व्यवस्था रखें। ताकि किसी भी भोले को जरूरत पड़ने पर उसकी उपलब्धता आसानी से कराई जा सके।
अस्थायी चौकियां बनेंगी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजिल सैनी ने शिविर संचालकों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान फोर्स की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी। चिन्हित स्थानों पर पुलिस पिकेट काम करेंगी। पुलिस गश्त करेगी। अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। रूट डायर्वजन की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि शिविरों में विद्युत आपूर्ति के लिए तारों की गुणवत्ता अच्छी रखी जाए। जनरेटर के पास बेरीकेटिंग की जाए। शिविरों में अस्थायी कनेक्शन लेकर ही आपूर्ति की जाए। शिविरों में अग्नि शमन के पर्याप्त साधन रखें।
सफाई की कार्ययोजना तैयार
एडीएम नगर मुकेश चंद्र ने कहा कि शिविरों में मानकों का पूर्ण ध्यान रखें। खाना बनाने में सिर्फ व्यवसायिक गैस का प्रयोग करें। नगर आयुक्त मनोज सिंह चौहान ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में सफाई की बेहतर कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा धीरेंद्र कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। जो शहरी क्षेत्र में तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे। इस अवसर पर कांवड़ शिविर संचालकों की समस्याओं एवं उनके सुझावों को सुनकर उनके निराकरण के लिए डीएम द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया गया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में एसपी सिटी मान सिंह चौहान, देहात राजेश कुमार, ट्रैफि क संजय कुमार राजवंशी, एडीएम एलए रजेंद्र सिंह, एसडीएम सदर संतोष कुमार सिंह, सरधना राकेश कुमार सिंह, मवाना अरविंद कुमार सिंह एसीएम गुलशन, ज्ञान प्रकाश यादव सीओ रणविजय सिंह, समाजसेवी डा ब्रजभूषण शर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी और शिविर संचालक मौजूद रहे।