राहवती में ग्रामीण ने फांसी लगाई
बहसूमा। राहवती के जंगल में गांव निवासी एक ग्रामीण का अमरूद के पेड़ पर प्लास्टिक के रस्से से शव लटका मिला। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाया। हालांकि परिजनों ने बाद में बिना कार्रवाई किए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि राहवती निवासी रजनीश उर्फ दारा (40) पुत्र राजपाल की पत्नी करीब 15 वर्ष पूर्व किन्हीं कारणों से घर छोड़कर चली गई थी। बताया कि तभी से वह शराब पीने लगा। वह शराब पीने का आदी हो गया। सोमवार सुबह रजनीश राहवती मार्ग स्थित किसान नरेंद्र के खेत स्थित अमरूद के पेड़ पर प्लास्टिक की मोटी रस्सी से लटका मिला। इसकी जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने पेड़ पर लटके युवक को नीचे उतरवाया। परिजनों ने उसकी शनाख्त रजनीश के रूप में की। ग्रामीणों एवं परिजनों का कहना है कि मृतक ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या की है। हालांकि बाद में परिजनों ने बिना कार्रवाई किए उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, इस संबंध में एसओ रविंद्र कांबोज का कहना है कि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।