मुल्हेड़ा में दो पक्षों में संघर्ष में सात घायल
सरधना। मुल्हेड़ा गांव में शनिवार रात रंजिशन दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें लाठी-डंडे व धारदार हथियार चल गए। इसमें दोनों पक्षों से एक युवती एवं महिला समेत सात लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। यहां मेडिकल परीक्षण के बाद मामला थाने जा पहुंचा। उधर, एक पक्ष के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कराने के लिए सीएचसी प्रभारी पर दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर सीएचसी प्रभारी एवं स्टॉफ से अभद्रता कर दी। जिसके चलते सीएचसी प्रभारी को पुलिस बुलानी पड़ी। उधर, रविवार को भी कोतवाली पर उसी पक्ष ने हंगामा किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों से अभद्रता एवं धक्का-मुक्की की। जिसमें दो महिला कांस्टेबल को भी मामूली चोट लगी। उधर, थानाध्यक्ष एवं सीओ ने हंगामा कर रही महिलाओं को शांत कराया। पुलिस ने तीन अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कर की हैं। वहीं, कोतवाली की जीडी में तस्करा डाल दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मुल्हेड़ा गांव में शनिवार रात धर्मपाल पुत्र बुद्धप्रकाश एवं रामभूल पुत्र हुकम सिंह पक्ष में संघर्ष हो गया। रामभूल पक्ष का कहना है कि उसकी पत्नी शकुंतला शनिवार रात करीब 9 बजे कूड़ा डालने के लिए जा रही थी। उसे रास्ते में रोककर दूसरे पक्ष के लोगों ने रंजिशन मारपीट कर दी। जिसको लेकर संघर्ष हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष से धर्मपाल का कहना है कि उसके पक्ष से एक युवती घर के बाहर रात में सफाई कर रही थी। दूसरे पक्ष ने उससे छेड़छाड़ कर दी। जिसको लेकर संघर्ष हो गया। जिसमें एक पक्ष से मोनू पुत्र रामभूल, विजय पुत्र रामभूल, अक्षय पुत्र रामभूल व शकुंतला पत्नी रामभूल घायल हुई। दूसरे पक्ष से धर्मपाल पुत्र बुद्घप्रकाश, विपिन पुत्र ओमप्रकाश, काजल पुत्री श्योराज घायल हुई। रात में ही दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इस दौरान सीएचसी पर दोनों पक्षों की डॉक्टरी कर दी गई और इसके बाद वे थाने चले गए। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार का कहना है कि डॉक्टरी के कुछ देर बाद धर्मपाल पक्ष के दर्जनभर लोग गाड़ी में सवार होकर रात्रि करीब तीन बजे सीएचसी पहुंचे। उन्होंने अपने पक्ष के घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर करने का दबाव बनाया।
सीएचसी प्रभारी ने बताया कि चोट इतनी गंभीर नहीं थी कि रेफर किया जाए। इसके बाद उन्होंने सीएचसी प्रभारी के साथ स्टॉफ से अभद्रता की और हंगामा किया। सीएचसी प्रभारी ने थाने पर फोन किया तो पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर फोर्स बुलाई। जिसे आता देख हंगामा कर रहे धर्मपाल पक्ष के लोग भाग निकले। इसके बाद सीएचसी प्रभारी ने धर्मपाल पुत्र बुद्धप्रकाश व विपिन पुत्र ओमप्रकाश के नामजद व दस अज्ञात के खिलाफ सीएचसी पर स्टाफ से अभ्रद्रता तथा हंगामा करने का मुकदमा कराया। उधर, विपिन पक्ष के लोग कुछ महिलाओं को लेकर सीएचसी पहुंचे और हंगामा किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर व सीओ पंकज कुमार ने बमुश्किल शांत किया। धर्मपाल पक्ष के लोगों का कहना है कि रामभूल तहसील में कर्मचारी है। जिस कारण उसकी बात नहीं सुना जा रही है। वहीं, सीओ ने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने धर्मपाल पक्ष से सौराज सिंह पुत्र ओमप्रकाश की तहरीर पर रामभूल, सोनू, मोनू, विजय, काले व शकुंतला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। वहीं, दूसरे पक्ष से रामभूल की तहरीर पर सलोचना पत्नी धर्मपाल, सुमन पत्नी सुबोध उर्फ सौराज, धर्मपाल पुत्र बुद्धप्रकाश, सौराज पुत्र ओमप्रकाश, विपिन पुत्र ओमप्रकाश, विजय पुत्र ओमप्रकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।