भाजपा नेता के पुत्र की सड़क हादसे में मौत
मेरठ-गढ़ रोड पर मऊखास पुलिस चौकी के समीप हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
मुंडाली। पुलिस चौकी मऊखास अंतर्गत मेरठ-गढ़ मार्ग पर बृहस्पतिवार को तेजाब से भरे टैंकर का टायर फट जाने से बाइक सवार दंपती चपेट में आ गया। जिसमें बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है।
मेरठ-गढ़ मार्ग पर आज अपराह्न करीब साढे़ तीन बजे विशाल त्यागी (28) पुत्र अमरीश त्यागी निवासी खंद्रावली थाना किठौर बाइक पर मेरठ से पत्नी काजल को लेकर गांव जा रहा था। वह पुलिस चौकी मऊखास से करीब 300 मीटर आगे पहुंचा तभी किठौर की ओर तेजाब भरे टैंकर का टायर फट गया। टैंकर बेकाबू होकर बाइक से टकरा गया। जिसमें बाइक चालक विशाल की मौके पर ही मौत हो गई तथा पत्नी काजल गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस चौकी इंचार्ज विपिन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया तथा मृतक विशाल का शव मोर्चरी भेजने की तैयारी कर परिजनों को जानकारी दी। वहीं, मृतक के पिता अमरीश त्यागी पुत्र ईश्वर त्यागी खंद्रावली ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया तथा शव गांव ले गए। हादसे की जानकारी पाकर परिजनों में कोहराम मच गया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं विशाल के पिता
माछरा। अमरीश त्यागी पुत्र ईश्वर त्यागी निवासी खंद्रावली किठौर का ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। वहीं, गांव में खेतीबाड़ी भी है। विशाल गांव में खेती कराता था। अमरीश त्यागी अब से पहले सपा के कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर के नजदीकी थे परंतु हाल में ही मेरठ-गढ़ मार्ग स्थित ग्राम सिसौली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा की दौरान विधायक सत्यवीर त्यागी के कहने पर भाजपा में शामिल हुए थे। अमरीश त्यागी किसान सेवा सहकारी समिति खंद्रावली के डायरेक्टर पद पर आसीन हैं। इनके दो पुत्र थे। विशाल छोटा पुत्र था।