- पुलवामा में आतंकी हमले का जिले भर में तीखा विरोध
- शहर के कई प्रमुख बाजार शोक में रखे गए दोपहर तक बंद
- देहात में युवाओं ने निकाला जुलूस, फूंके पुतले, प्रतिष्ठान बंद कराए
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के विरोध में जनता का आक्रोश चरम पर है। शनिवार को शहर और देहात में व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध दर्ज कराया। जबकि युवाओं, समाजसेवी, स्वयंसेवी और राजनीतिक संगठनों आदि ने जगह-जगह प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान व आतंकवाद विरोधी नारेबाजी करते हुए पुतले फूंके। मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
शहर के पॉश आबूलेन के व्यापारियों ने आतंकी हमले के विरोध और शहीदों के अंतिम संस्कार होने तक शोक के चलते अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। आबूलेन बाजार दोपहर तक बंद रहा। इसी तरह शहर सराफा बाजार भी दोपहर तक बंद रहा। यहां के व्यापारियों ने जुलूस निकालते हुए आतंकवाद विरोधी नारे लगाए। शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट भी दोपहर तक बंद रहा। इसके अलावा शहर के अन्य बाजार भी शनिवार को देर से खुले। संयुक्त व्यापार संघ के आह्वान पर व्यापारियों ने शहीदों के अंतिम संस्कार होने तक अपने प्रतिष्ठान लगभग बंद रखे।
देहात क्षेत्र के कस्बा परीक्षितगढ़, हस्तिनापुर और रामराज में भी व्यापारियों ने जहां दोपहर तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, वहीं युवाओं ने जुलूस निकालते हुए आतंकवाद विरोधी पुतले फूंके और प्रदर्शन किया। इनके अलावा पूरा दिन शहर में कई जगह तमाम संगठनों ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ विरोध प्रदर्शन किया। जनता ने केंद्र सरकार से आतंकवाद का समूल सफाया करने की मांग उठाई। पाकिस्तान को चुनौती दी।
17 को बंद रहेगा टीपी नगर
मेरठ। ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन की तरफ से भी आतंकी हमले में मारे गए शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान का झंडा फूंका। वहीं, 17 फरवरी को ट्रांसपोर्टर कोई काम नहीं करेंगे। ट्रांसपोर्टर नगर को बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस मौके पर दीपक गांधी, देवी चरण सेन, सरदार खेता सिंह, राज शर्मा, अंकुर प्रजापति आदि मौजूद रहे।
शहीदों की याद में दीप जलाए
मेरठ। शर्मा स्मारक भवन स्थित छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। महामंत्री करूणेश नंदन गर्ग ने कहा कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री की नीयत और नीति को श्रेष्ठ बताया। इस मौके पर विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने भी श्रद्धांजलि दी। महानगर संघचालक विनोद भारतीय, डॉ. दर्शन लाल अरोड़ा, अमित अग्रवाल, डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद शहीदों की याद में एक-एक दीप जलाया गया।