- कानून व्यवस्था की बैठक कर डीएम ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश
- अवैध रूप से चल रहे स्लाटर हाउसों को भी बंद करने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में डीएम अनिल ढींगरा ने कहा कि शहर में अवैध रूप से शराब का कारोबार करने वालों और अवैध पशु कटान करने वालों को जेल भिजवाएं। अवैध रूप से चल रहे सभी स्लाटर हाउस बंद हों। शराब का अवैध कारोबार करने करने वालों पर गैंगस्टर लगाई जाए।
बचत भवन में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि जो भी व्यक्ति जनपद का माहौल खराब करे उसके खिलाफ गुंडा एक्ट व गैंगस्टर की कार्रवाई की जाए। स्लॉटर हाउसों में नियम विरुद्ध कोई भी कार्य न होने दें। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित को जेल भेजें और उस पर सील लगाएं। जिला आबकारी अधिकारी से कहा कि वह अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों को पकड़ें। जनपद में किसी भी दशा में अवैध शराब की बिक्री न हो। इसके लिए एसडीएम एवं सीओ भी अपने क्षेत्र में नजर रखें। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं सीओ को आगामी निर्वाचन एवं शिवरात्रि के दृष्टिगत क्षेत्र में भ्रमण करने तथा शांति समितियों की बैठक करने के कहा। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने कर करेत्तर, राजस्व वसूली एवं राजस्ववादों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। नगर आयुक्त मनोज चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रामचंद्र, नगर मुकेश चंद्र, वित्त आनंद कुमार, न्यायिक प्रवीण अग्रवाल एसपी नगर रणविजय सिंह, देहात राजेश कुमार, ट्रैफिक संजीव कुमार वाजपेयी, नगर मजिस्ट्रेट शैलेंद्र सिंह, एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव, सरधना अमित भारतीय, एसीएम अमिताभ यादव, कमलेश गोयल, जिला आबकारी अधिकारी आलोक कुमार, संयुक्त निदेशक अभियोजन, डीपीओ श्रवण कुमार गुप्ता, ईओ, डीजीसी फौजदारी अनिल तोमर आदि मौजूद रहे।