उन्नाव जेल में बंद हैदर ने रची डकैती की साजिश
सहारनपुर। दून कॉलेज में डाली गई डकैती की साजिश उन्नाव जेल में रची गई थी। जेल में बंद कुख्यात बदमाश हैदर तीतरो से आरोपी शाहिद उर्फ चांद मुलाकात करता था। उसी के इशारे पर शाहिद ने अन्य बदमाशों को अपने साथ जोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में हैदर तीतरो को 120 बी (साजिश रचने) का आरोपी बनाया जाएगा।
डकैती की यह वारदात देहरादून हाईवे पर 29 दिसंबर को गांव सुंदरपुर में बदमाशों ने दून कॉलेज के चेयरमैन प्रवीन चौधरी के घर पर हुई थी। घटना के खुलासे के लिए थाना बिहारीगढ़ पुलिस, क्राइम ब्रांच, स्वॉट टीम और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। इन टीमों की छानबीन के बीच ही रविवार को पुलिस टीम ने एक सूचना पर थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में घेरकर्मा के जंगल से छह बदमाशों गिरफ्तार किया
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शाहिद उर्फ चांद मूलरूप से झिंझाना कस्बा के मोहल्ला नीला रोजा का रहने वाला है। लेकिन वर्तमान में वह सहारनपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र की डिफेंस कालोनी में रहता है। शाहिद की दोस्ती बदमाश हैदर तीतरो से रही है। शाहिद अक्सर हैदर से मुलाकात करने जाता था। हैदर ने ही चांद को कोई बड़ा काम करने का टारगेट दिया था। इसके बाद शाहिद ने अपने साथियों को जोड़ा और फिर दून कॉलेज में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि हैदर के इशारे पर ही वारदात हुई। हैदर इन दिनों उन्नाव जेल में बंद है।
लूट, चोरी, डकैती के कई मुकदमे दर्ज
सहारनपुर। पकड़े गए बदमाशों में सरवेज के खिलाफ 26 और फरीद के खिलाफ लूट, चोरी और डकैती सात मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। एडीजी प्रशांत कुमार ने वारदात का खुलासा करने में शामिल पुलिस टीम को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। बदमाशों ने पुलिस को बताया कि एक बाइक उन्होंने थाना ननौता क्षेत्र से नवंबर माह में लूटी थी।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम
बदमाशों को पकड़ने वाली टीम में एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, थाना बिहारीगढ़ प्रभारी बिजेंद्र सिंह रावत, स्वॉट टीम प्रभारी सुधीर उज्जवल, सर्विलांस प्रभारी मुबारिक हसन, अभिसूचना विंग प्रभारी जर्रार हुसैन, स्वॉट टीम से उपनिरीक्षक योगेंद्र अधाना, अभिसूचना विंग से उपनिरीक्षक सुनील, थाना बिहारीगढ़ के उपनिरीक्षक सुदेश कुमार, योगेश कुमार, कांस्टेबल पर राजवीर, शहनवाज, संजीव, संजय, अंकुर, विनीत हुड्डा, विपिन कौशिक, मनोज कुमार, मोहित, सुहेल, शमीम, तरूू, नेत्रपाल, कमल, जीत, अभिषेक, अरूणा राणा, कुनाल मलिक, सुनील, सचिन कुमार, अमरजीत, सोनू अहमद शामिल हैं।
कल्लरपुर गुर्जर के जंगल में किया था कैश का बंटवारा
दून कॉलेज में डकैती के दौरान नकदी और जेवरात समेटने के बाद गिरोह के सभी बदमाश कल्लपुर गुर्जर के जंगल में पहुंचे थे। वहां नकदी और जेवर का आपस में बंटवारा कर लिया था। इसके बाद अपने-अपने ठिकाने पर चले गए थे। यह भी पता चला कि वारदात से मिली रकम से बदमाशों ने देहरादून सहित अन्य शहरों की यात्रा भी की। पुलिस को किसी तरह का शक न होने पाए, इसलिए जल्दी ही अपने घर भी लौट गए थे।
इतनी थी रकम, गिरने की नहीं रही खबर
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने नकदी और जेवरात बैग में भर लिए थे। इसके बाद दून कॉलेज के पीछे की तरफ से वह जंगल के रास्ते से फरार हुए थे। भागते समय कालेज के पीछे ही बैग से झाड़ी में रकम गिर भी गई थी, जिसका बदमाशों का पता तक नहीं था। अगले दिन 30 दिसंबर को जब पुलिस छानबीन कर रही थी तो कालेज के पीछे झाड़ी में से साढ़े तीन लाख रुपये मिले थे।
- घर के भेदी वसीम ने की थी रैकी
पुलिस के मुताबिक आरोपी वसीम निवासी रहमानी चौक थाना मंडी (सहारनपुर) काफी समय से दून कॉलेज में पुताई का कार्य करता था। वह घर के कोने कोने से वाकिफ हो चुका था। घर में कब कौन रहता है और कौन किस समय बाहर जाता है, उसे सब मालूम था। वारदात को अंजाम देने के लिए भी वह समय तय किया गया, जब कालेज चेयरमैन प्रवीन कुमार वहां मौजूद नहीं थे। साथ ही कालेज परिसर स्थित आवास में घुसने का समय भी वह निर्धारित किया था जब दूधिया सुशील कुमार दूध सप्लाई करने के लिए दून कॉलेज में घुसा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी वसीम अभी फरार है। उसको गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।