मेरठ। लोड फैक्टर कम लाने वाले परिचालकों का कैश जमा करने से मना करने पर रोडवेज कर्मचारियों ने हंगामा करते हुए बसों का संचालन बंद कर दिया। करीब तीन घंट तक बसों का संचालन प्रभावित रहा। कैश जमा होने के बाद ही बसों का संचालन शुरू हो सका।
मेरठ डिपो की राजस्थान, देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश आदि लंबे रूटों की बसों पर चलने वाले परिचालक बृहस्पतिवार को कैश जमा करने पहुंचे थे, लेकिन कैशियर ने उनका कैश जमा करने से मना कर दिया। बताया गया कि निर्धारित लोड फैक्टर से कम आय लाने वाले परिचालकों का कैश जमा नहीं किया जाएगा। इससे खफा कर्मचारी वर्कशाप स्थित एआरएम ऑफिस पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के शाखा मंत्री राजेश त्यागी भी पहुंचे गए। त्यागी ने कहा डग्गामार बसें रोडवेज की कमाई को निगल रही हैं। अधिकारी इन पर तो कोई लगाम लगा नहीं रहे हैं उल्टा परिचालकों का लोड फैक्टर कम होने के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। कर्मचारी इसे सहन नहीं करेंगे। गुस्साए कर्मचारियों ने बस संचालन बंद करने का एलान कर दिया। इसके बाद सुबह दस बजे से लेकर दोपहर करीब एक बजे तक बसों का संचालन प्रभावित रहा। काफी जद्दोजहद के बाद कैश जमा करने के आदेश मिलने पर बसों का संचालन शुरू हुआ।