मेरठ का 500 करोड़ का मॉल और होटल बिकने को तैयार
मेरठ। शहर में बने एक बड़े मॉल और उससे सटे दो होटलों के लिए खरीदार तलाशे जा रहे हैं। तकरीबन पांच सौ करोड़ के इस प्रोजेक्ट को बेचने की बात तो साफ हो ही गई है, अगर कोई साझेदारी करना चाहता है तो उसका भी विकल्प रखा गया है।
शनिवार को सोशल साइट पर एक मैसेज वायरल होने के बाद शहर के तमाम कारोबारियों में ये प्रोजेक्ट चर्चा में रहा। आबूलेन हो या फिर शहर के बड़े होटल व्यवसायी। ट्रांसपोर्टरों से लेकर तमाम बिल्डर तक इस प्रोजेक्ट को लेकर बात करते रहे। मेरठ में अब तक के सबसे बड़े मॉल को बेचे जाने के लिए मार्केट में पूरी डिटेल आ गई। इस मॉल के साथ ही इससे सटे दोनों होटलों को भी बेचने का प्रपोजल रखा गया है। मॉल की कीमत तकरीब साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये बताई जा रही है तो वहीं इसके एक होटल की कीमत का आकलन सौ करोड़ रुपये किया गया है। दूसरे होटल की कीमत 50 से 60 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है। मॉल और होटलों को साझेदारी के तहत भी चलाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। पूरे प्रोजेक्ट को लेकर कंपनी के अधिकारी ऐसा प्रपोजल दिए जाने की बात स्वीकार कर रहे हैं। बड़ी कंपनी का प्रोजेक्ट सेल होने की जानकारी मिलने के बाद तमाम बड़े कारोबारी इसको लेकर चर्चा कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट को बेचे जाने के पीछे कंपनी के सूत्रों का कहना है कि दूसरे प्रोजेक्ट के लिए पूंजी जुटाई जा रही है। कई मंजिला इस मॉल और होटलों की साझेदारी को लेकर मेरठ से बाहर की कई कंपनियों के अधिकारी भी मेरठ आ जा चुके हैं। शहर के एक व्यवसायी बताते हैं कि मॉल की कड़ी में ये मेरठ का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। सुरक्षा की दृष्टि से भी ये ठीक है। ऐसे में इसके बेचे जाने की बात सबको चौंका रही है।
खास बातें:
शनिवार को सोशल साइट पर वायरल हुई खबर तो शहरभर में रही चर्चा