मुख्यमंत्री के जाते ही बिगड़ी व्यवस्था, लगा भीषण जाम
मेरठ। दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा को लेकर पुलिस अफसरों ने दिल्ली रोड पर भारी वाहन को बंद करते हुए रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी थी। मुख्यमंत्री के आने तक पुलिस अफसर व्यवस्था संभालते भी रहे। लेकिन मुख्यमंत्री के जाते ही पूरी व्यवस्था डगमगा गई। जिससे दिल्ली रोड पर भीषण जाम लग गया।
सुबह नौ बजे से डायवर्जन लागू किया गया था। परतापुर तिराहे से बेगमपुल के बीच सभी भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया था। दिल्ली और गाजियाबाद की तरफ से आने वाली रोडवेज की बसें परतापुर तिराहे से कंकरखेड़ा बाईपास, जीरो माइल होकर भैसाली बस अड्डे पहुंच रही थीं।
मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए देहात और अन्य क्षेत्रों से जो बसें आयी उनके लिए तीन पार्किंग बनाई गई थीं। माधवपुरम, नवीन मंडी और ट्रांसपोर्ट नगर में बसें पहुंचीं। मुख्यमंत्री के जाने के बाद पुलिस कर्मियों में भी जाने के लिए आपाधापी मच गई। इसके बाद दिल्ली रोड पर बसों के अलावा अन्य वाहन भी जाम में फंस गये। रैली से जाने के बाद भाजपाई भी हाथ में झंडे और बैनर लेकर नारेबाजी करने लगे। दिल्ली रोड पर मंडी गेट, रामलीला मैदान, मेट्रो प्लाजा, रेलवे रोड चौराहा, केसरगंज में वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बिजली बंबा बाईपास, हापुड़ रोड और परतापुर तिराहे पर भी शाम के समय जाम लगा रहा। एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैफिक इंस्पेक्टर और टीएसआई ने अलग अलग स्थानों पर पहुंचकर जाम खुलवाया। एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी का कहना है कि दोपहर तीन बजे तक कहीं भी जाम नहीं था। रैली के बाद वाहनों के कारण जाम जैसी स्थिति बनी।
भाजपाइयों के वाहनों ने बिगाड़ी व्यवस्था
दिल्ली रोड पर भाजपा नेताओं के वाहनों ने यातायात व्यवस्था बिगाड़ दी। दोपहर एक बजे ही मेन रोड पर वीआईपी गेट से पास धारक भाजपा नेताओं की ही गाड़ी अंदर जाने दी। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर रौब जमामकर अंदर गाड़ी ले जाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही अवैध तरीके से वाहन खड़े कर दिए।
खास बात
दिल्ली रोड पर वाहनों की लगी लंबी कतार, सुबह नौ बजे से दिल्ली रोड पर किया गया था रूट डायवर्जन