राशन डीलर के खिलाफ हंगामा
गंगानगर। कुनकुरा गांव में राशन डीलर द्वारा कालाबाजारी की शिकायत पर शुक्रवार को नायाब तहसीलदार टीम के साथ जांच करने पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने जमकर हंगामा किया और डीलर पर राशन नहीं देने का आरोप लगाया।
इंचौली थाना क्षेत्र का कुनकुरा गांव रजपुरा ब्लॉक के अंतर्गत आता है। शुक्रवार को नायाब तहसीलदार दिनेश कुमार, आपूर्ति निरीक्षक धर्मेंद्र वर्मा और खंड विकास अधिकारी रजपुरा अमित मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया और राशन डीलर पर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने बताया कि पूरे गांव में 329 पात्र राशन कार्ड धारक हैं, जिसमें से केवल 105 को ही राशन दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि राशन डीलर द्वारा चावल 4.5 रुपये प्रति किलो के हिसाब से दिया जा रहा है, जबकि सरकारी रेट दो रुपये किलो है। इस दौरान सबीला, फूल सिंह, शांति, बिल्लू, संदीप, जसवंत, जयवती, सोनवीरी, जसवंत, सुरेश, रजनी, भोपाली, अंगूरी, संतरी, सचिन आदि मौजूद रहे। वहीं ग्राम प्रधान बिजेंद्र सिंह का कहना है कि कुछ ग्रामीणों के राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं। वहीं राशन डीलर भी अपनी मनमानी करता है। रिकॉर्ड मांगने पर नहीं दिखाता। उधर, राशन डीलर शम्सुद्दीन का कहना है कि सभी को राशन दिया जा रहा है। कु छ ग्रामीण जबरन राशन लेने आते हैं।
खास बात
कुनकुरा गांव में जांच करने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने घेरा