अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
स्वाइन फ्लू के मरीजों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को एक निजी अस्पताल की नर्स और साढ़े तीन साल की बच्ची को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। मेडिकल अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब से सवा दो माह में 44 लोगों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज मिले हैं। इनमें अंजू जोसेफ (28) गढ़ रोड पर दामोदर कालोनी में रहती हैं। वह एक निजी अस्पताल में नर्स हैं। वहीं गढ़ रोड स्थित मुरलीपुर निवासी राजकुमार की साढ़े तीन साल की बेटी राबिया मेडिकल अस्पताल में भर्ती थी। इन दोनों के थ्रोट स्वेब (गले की लार) के सैंपल मेडिकल अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में भेजे गए थे। इनमें स्वाइन फ्लू के वायरस एच1 एन1 की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू की दवाओं के लिए शासन से पांच लाख रुपये का बजट भेजा गया है। इससे 15 हजार टेमी फ्लू की टेबलेट, एक हजार मास्क, 300 इंजेक्शन एच1 एन1 वैक्सीन और 25 पीपी किट मंगाने के लिए इंडेंट (मांग पत्र) भेजा गया है, जो जल्द आने वाला है। माइक्रोबायोलॉजी लैब के प्रभारी डॉ. अमित गर्ग ने बताया कि शनिवार को 14 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें 12 नेगेटिव निकले हैं। उन्होंने बताया कि अब 100 से ज्यादा सैंपलों की जांच हो चुकी है। गौरतलब है कि मेरठ के अब तक स्वाइन फ्लू से पीड़ित छह मरीजों की मौत हो चुकी है। मेरठ के तीन मरीजों को दिल्ली की लैब से पुष्टि हुई थी।
खास बातें
- लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या, नहीं हैं रोकथाम के उपाय