अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
नगर निगम के उदासीनता के कारण शंभूनगर के लोग काफी समय से पानी के लिए तरस रहे हैं। पाइप लाइन में कई-कई दिन तक पानी न आने के कारण लोग आसपास के सबमर्सिबल से पानी भरने के लिए मजबूर हैं। महापौर और नगरायुक्त से कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
बागपत रोड स्थित शंभूनगर पॉश कॉलोनी है। सभी लोग हाउस टैक्स और जलकर अदा करते हैं। इसके बाद भी नगर निगम से यहां आज तक पानी सप्लाई की उचित व्यवस्था नहीं कर रखी है। कॉलोनी में पानी सप्लाई के लिए टंकी की भी व्यवस्था नहीं है, इसलिए टीपीनगर थाना के पास स्थित ट्यूबवेल से सीधी सप्लाई कॉलोनी में की जाती है। स्थानीय निवासी बिजेंद्र कुमार वर्मा और राजकुमार सैनी का कहना है कि बागपत रोड से गुजर रही पाइप लाइन में पानी की सप्लाई होती है। इसी से स्थानीय लोगों ने अपने निजी खर्च से छोटी पाइप लाइन कॉलोनी में डलवाई थी। भवनों की संख्या बढ़ने के कारण पानी की खपत बढ़ी है। इसके बाद भी नगर निगम ने आज तक पीने के पानी की आपूर्ति की व्यवस्था नहीं बढ़ाई। इस कारण सभी परिवारों को पानी नहीं मिल पा रहा है। कई-कई दिन तक पाइप लाइन में पानी नहीं आता। कई बार महापौर हरिकांत अहलुवालिया और नगरायुक्त को पत्र देकर समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं लोगों ने मांग की कि निगम या तो लाइन बदलवाए या इसे गंगाजल लाइन से जोड़े, ताकि पानी का प्रेशर पूरा आ सके। अमित गुप्ता, सुनील कुमार सैनी, सुदीप कुमार, जयकुमार, दयानंद गुप्ता, नवनीत, अजीत, अशोक कुमार आदि ने शिकायती पत्र दिया।
खास बातें
- पानी सप्लाई की लाइन छोटी होने के कारण नहीं आता प्रेशर
- कई-कई दिन तक सूखी रहती है लाइन
- ट्यूबवेल से सीधी होती है सप्लाई, टंकी की नहीं है व्यवस्था