मेरठ। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा मोहकमपुर स्थित आईआईए भवन में मंगलवार को आयोजित मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में उद्यमियों ने मंडलायुक्त को समस्याओं से अवगत कराया। मंडलायुक्त ने आश्वासन दिया कि उद्यमियों को बेहतर माहौल दिया जाएगा।
उद्यमियों ने कहा कि नए उद्योगों के लिए भौगोलिक स्थित अनुकूल होने के बावजूद विगत 15 साल में मेरठ में कोई भी औद्योगिक क्षेत्र विकसित नही हुआ है। बहुत से युवा उद्योग लगाना चाहते है। लेकिन जगह नही होने के कारण फैक्ट्रियां विकसित नही कर पाए है। यूपीएसआईडीसी, एमडीए शीघ्र ही मवाना, किला परीक्षितगढ़, सरधना, बागपत व रोहटा रोड़ पर सस्ती भूमि तलाशकर युवाओं को नई राहे दिखाएं। उद्यमियों ने मोहकमपुर औद्योगिक क्षेत्र में नगर निगम द्वारा हो रही समस्याओं और मेवला फाटक का मुद्दा उठाया। रैपिड ट्रेन, एक्सप्रेस वे, एयरपोर्ट पर कार्य तेज करने की मांग की। साथ ही मेवला फाटक से परतापुर फ्लाईओवर तक सड़क की चौड़ाई 45 मीटर रखने की मांग की।
इस दौरान मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने हिंडन नदी की सफाई योजना के बारे में बताते हुए उद्यमियों से सहयोग मांगा। बैठक में डीएम समीर वर्मा, अपरायुक्त उद्योग राधेश्याम मिश्र ने भी विचार रखे। संचालन सचिव तनुज गुप्ता ने किया। चेयरमैन अतुल भूषण गुप्ता, रविंद्र ऐलन, सागर गुप्ता, मनु जैन, गुंजन गर्ग, राकेश कोहली, अनुराग अग्रवाल, एएन मल्होत्रा, हरींद्र आत्रेय मौजूद रहे।
- औद्योगिक विकास हेतु मंडलायुक्त व उद्यमियों की बैठक