मेरठ में महिला हेड कांस्टेबल से 18 लाख रुपए की ठगी हुई है। कांस्टेबल को दिल्ली में ऑनलाइन फ्लैट देने की बात कही गई थी और फिर ऑनलाइन अकाउंट में पैसे डलवा लिए। चार नामजद लोगों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसपी क्राइम को दी गई है।
महिला हेड कांस्टेबल रीना चौधरी ड्यूटी पुलिस रेडियो विभाग में हैं। उनके मुताबिक दिल्ली में एरो सिटी द्वारिका में फ्लैट की ऑनलाइन बुकिंग हो रही है। फ्लैट लेने पर लॉटरी भी निकल रही है। गढ़ रोड स्थित तेजगढ़ी चौराहे के पास प्रॉपर्टी डीलर का ऑफिस है। यहां दो लोग उससे मिले। उन्होंने कहा कि यहां ऑनलाइन बुकिंग होती है और पैसा भी ऑनलाइन ही जमा करना पड़ता है।
महिला हेड कांस्टेबल के मुताबिक कई महीने तक फ्लैट नहीं मिला। इसकी जानकारी लेने के लिए वह दिल्ली पहुंची, तभी पता चला कि उसके साथ ठगी हो गई। रीना चौधरी में सिविल लाइन थाने में अमित, राहुल और अश्वनी समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सोमवार को ठगी के इस केस की जांच के दौरान पता चला कि विवेचक दिनेश शर्मा सीतापुर में इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग पर हैं। एसपी क्राइम मुकदमे की जांच कर रहे हैं। एसपी क्राइम राम अर्ज का कहना है कि इस मुकदमे में पुलिस सबूत तलाश करके कार्रवाई भी करेगी।