सोतीगंज के 18 कबाड़ी पुलिस के निशाने पर
मेरठ। सोतीगंज के कबाड़ी मन्नू उर्फ मुईनुद्दीन के बाद पुलिस ने 18 अन्य कबाड़ियों को निशाने पर लिया है। पुलिस इनकी कुंडली खंगाल रही है। इसके बाद गैंगस्टर 14(ए) की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना कि चोरी और लूट के वाहन काटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चोरी और लूट के वाहन काटकर सोतीगंज के कई कबाड़ी करोड़पति बन गए हैं। पुलिस ने कबाड़ियों की सूची बना ली है। इनके खिलाफ कार्रवाई होनी तय है। सोतीगंज के मन्नू उर्फ मुईनुद्दीन की पुलिस ने शुक्रवार को गैंगस्टर 14 (ए) कार्रवाई कर 1.10 करोड़ की संपत्ति कुर्क की। पुलिस का दावा है कि सोतीगंज के कई कबाड़ियों को देहात इलाके में भी नेटवर्क है। जहां पर वह अभी चोरी के वाहन काट रहे हैं। पुलिस ने इनकी जांच करनी शुरू कर दी।
शनिवार को पुलिस ने सोतीगंज में कई कबाड़ियों के खिलाफ सुबूत जुटाए। बताया गया कि सोतीगंज के शातिर गददू, मोहसिन, जिशान, मुरली, जिशान उर्फ पव्वा, इरफान सहित 18 कबाड़ी हैं जो कई साल से चोरी और लूट के वाहन काटते हैं। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि पुलिस छानबीन में जुटी है। सोतीगंज पर शिकंजा कसने के लिये कबाड़ियों पर कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है।