रास्ता निकालने की जुगत में जुटे अफसर
मवाना। साइड लेने को लेकर गुर्जर बिरादरी व भाजपा नेता के भाई के बीच हुए विवाद में पुलिस ने भाजपा नेता के पिता की तहरीर पर डकैती व आघात पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया है। सुरक्षा की दृष्टि से तीसरे दिन बुधवार भी पुलिस बल एवं दंगा नियंत्रण की गाड़ी चौहान चौक पर तैनात रही। वहीं, अफसर बीच का रास्ता निकालने की जुगत में हैं।
बताते चलें कि चौहान चौक निवासी भाजपा नेता निपुण चौहान के भाई भवित चौहान पुत्र धीर सिंह की बीते रविवार को जंधेड़ी निवासी ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। इस पर गुर्जर समाज के लोगों ने भाजपा नेता के घर पर हमला बोल दिया था। इसमें भाजपा नेता निपुण चौहान के ताऊ धर्मवीर सिंह के हाथ एवं कूल्हे की हड्डी टूट गई थी। उन्हें गंभीर हालत में नोएडा के एक अस्पताल में रेफर किया गया। इस मामले में गुर्जर समाज की ओर से मौसम पुत्र जगवीर ने निपुण चौहान, अनुभव व राजा शर्मा और 8-10 अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, पुलिस ने इस मामले में पुलिस से अभद्रता करने एवं धमकी देने का भाजपा नेता के भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
डकैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज
भाजपा नेता निपुण चौहान के पिता धीर सिंह चौहान ने मंगलवार देर रात संदीप उर्फ सेठी, प्रदीप मावी निवासी मोहल्ला कल्याण सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ डकैती एवं आघात पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अलमारी में रखे 40 हजार रुपये व 60 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिये थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन धाराओं में समझौता नहीं हो सकता है।
अब तक तीन मुकदमे दर्ज
पूरे प्रकरण में अभी तक तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। खास बात यह है कि दोनों पक्षों से अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस नहीं कर सकी है। जहां दो मुकदमे दोनों पक्षों की ओर से कराए गए। वहीं, एक मुकदमा पुलिस ने अपनी ओर से दर्ज कराया है। हालांकि पुलिस गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।
पंचायत को लेकर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप
कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध गुर्जर समाज के लोगों ने 11 मई को महापंचायत का एलान किया था। जिसमें 41 गांवों से बिरादरी के लोग पहुंचने की जानकारी दी गई गई थी। इससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों के आदेश पर स्थानीय पुलिस बिरादरी के लोगों से संपर्क साध कर महापंचायत टालने कोशिश कर रही है। वहीं, दिनभर गोपनीय विभाग व अधिकारी प्रकरण को लेकर जानकारी लेते रहे।
दंगा नियंत्रण वाहन के चलते लगा जाम
बुधवार को चौहान चौक पर पुलिस के दंगा नियंत्रण वाहन सड़क किनारे खड़ा होने से जाम की स्थिति बन गई। मुबारिकपुर मार्ग से गन्ना लेकर पहुंचे किसान बुग्गी नहीं मोड़ सके। जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारे लग गईं। पुलिस ने किसी तरह दंगा नियंत्रण वाहन को धक्का देकर साइड में लगाया और जाम पर काबू पाया।
मामले की जांच की जा रही है। अधिकारी भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।-संजय कुमार, थाना प्रभारी मवाना