पिता के गुम हो जाने पर टूट गई थी युक्ता, मां ने संभाला
12वीं कक्षा की टॉपर नंबर तीन
मवाना। 12वीं विज्ञान वर्ग से जिले में तीसरे स्थान पर रही ढिकौली निवासी युक्ता चौहान दो साल पहले पिता के गुम हो जाने पर टूट गई थी। लेकिन बड़ी बहन व मां ने उसे किसी तरह संभाला। साथ ही पढ़ाई करने के लिए लगातार प्रेरित किया। आज युक्ता ने जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर कॉलेज और परिवार का नाम रोशन किया है।
युक्ता पुत्री संजीव चौहान ने इंटर विज्ञान वर्ग में एएस इंटर कॉलेज से परीक्षा दी थी। उसने बताया कि माता अंजू चौहान व बड़ी बहन प्रगति चौहान, भाई भव्य व छोटी बहन कनिष्का है। पिता दो साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। तब से लेकर आज तक पिता का कोई सुराग नहीं लगा। पिता के लापता होने के बाद पूरा परिवार टूट गया था। इस पर युक्ता का पढ़ाई से भी ध्यान हटा। शुरू से ही युक्ता पढ़ाई में अव्वल रही। ऐसे में परिवार ने अपने को संभालने के साथ-साथ युक्ता को भी संभाला और पढ़ाई पर फोकस रखने की सलाह दी। प्रतिदिन कॉलेज व कोचिंग के अलावा युक्ता पांच घंटे पढ़ाई करती थी। उसने बताया कि वह एक आईएएस ऑफिसर बनकर देश की सेवा करना चाहती है। चाचा मानवेंद्र ने बताया कि वह अपनी भतीजी की इस कामयाबी से बेहद खुश हैं और उसको सफल बनाने के लिए वह पूरी तरह उसकी मदद करेंगे।
स्कोर बोर्ड
जरनल हिंदी 65
अंग्रेजी 89
मैथ 94
फिजिक्स 96
केमिस्ट्री 87