सिविल सर्विस की तैयारी कर बनना है अधिकारी : हर्ष
मोदीपुरम। पाबली निवासी रितेंद्र मालिया का बेटा हर्ष मालिया मोदीपुरम स्थित सुभाष इंटर कॉलेज शिवनगर में कक्षा दस का छात्र है। उसने 600 में 541 अंक प्राप्त कर 90.17 प्रतिशत के साथ जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
हर्ष की मां प्रमिला दौराला में आंगनबाड़ी में काम करती हैं। छोटी बहन वंशिका और अनुराधा व भाई रितिक हैं। हर्ष के पिता टैक्सी चलाते हैं। घर की स्थिति भी अधिक मजबूत नहीं है। हर्ष का कहना है कि पढ़ाई के दौरान माता पिता का पूरा सहयोग मिला। उससे उम्मीद थी कि 80 प्रतिशत तक नंबर आ जाएंगे, लेकिन रिजल्ट अच्छा रहा, जिससे बहुत खुशी मिली। रिजल्ट पड़ोस में दोस्त के मोबाइल पर देखा। स्कूल से सूचना आयी कि जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है तो खुशी का ठिकाना न रहा। हर्ष का कहना है कि वह सिविल सर्विस की तैयारी कर डीएम बनना चाहता है। छात्र ने बताया कि घर पर इन्वर्टर नहीं है, जब लाइट चली जाती थी तो देर तक इंतजार करना पड़ता था। माता पिता का यही प्रयास रहा है कि पढ़ाई के समय कोई परेशानी न हो और पढ़ाई चलती रही। प्रधानाचार्य मीनाक्षी मुखर्जी, महकी चौहान, प्रवीन कुमार, सुनील पाल, रागिनी, भावना, लोकेश चौहान आदि ने बधाई दी है। उधर पाबली गांव में हर्ष मालिया को जिला का तीसरा स्थान मिलने पर भाजपा नेता आमिर अली ने घर पहुंचकर बधाई दी और कहा कि जल्द ही किसी सम्मेलन में परिवार के सदस्यों का सम्मान कराया जाएगा।
स्कोर कार्ड
हिंदी - 88
इंग्लिश 82
मैथ 89
साइंस 93
सोशल साइंस 93
आर्ट 96