पिता ने किया बेटी के अपहरण का प्रयास, बखेड़ा
पल्लवपुरम का मामला, लोगों ने कार में की तोड़फोड़, बच्ची के नाना ने तहरीर दी
मोदीपुरम। रुड़की रोड स्थित छठी वाहिनी पीएसी के बाहर से कार से अपनी ही बेटी का अपहरण करके ले जा रहे पिता को भीड़ ने पकड़ लिया। बच्ची के मामला बताने पर लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। जिसके बाद आरोपी बच्ची को छोड़कर फरार हो गया। बच्ची के नाना ने आरोपी के खिलाफ पल्लवपुरम थाने में नामजद तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार पल्लवपुरम थाना क्षेत्र निवासी एक युवती की शादी दिल्ली निवासी युवक से हुई थी। बताया गया कि शादी के बाद भी पति का किसी अन्य महिला से प्रेमप्रसंग चल रहा था। जिसका विरोध करने पर पति ने पत्नी की करीब दो साल पहले हत्या कर दी थी। जिसके बाद से बेटी पल्लवपुरम स्थित ननिहाल में रह रही है और मोदीपुरम में ही एक स्कूल में पढ़ रही है। आरोप है कि बच्ची का पिता बृहस्पतिवार दोपहर बेटी से मिलने स्कूल पहुंचा तो बच्ची ने पिता से मिलने से मना कर दिया। इससे गुस्साए आरोपी पिता ने छुट्टी के बाद स्कूल से निकली बच्ची को जबरन कार में डालकर ले जाने का प्रयास किया। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना पर बच्ची का मामा और अन्य परिजन भी पहुंच गए। लोगों ने आरोपी की कार में तोड़फोड़ कर दी। जिसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ बच्ची को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। मोदीपुरम चौकी इंचार्ज सुनील कुमार का कहना है कि इस मामले में तहरीर आई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।