अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। बाड़म-भलसोना संपर्क मार्ग पर सोमवार सुबह कोहरे के चलते बारात से भरी बस रजवाहे में जा गिरी। इस हादसे में एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी रोहटा में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक रविवार शाम बाड़म गांव से कृष्णपाल कश्यप के बेटे रामअवतार की बारात किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र में गई थी। बस सुबह में वापस लौट रही थी। इसी दौरान बस बाड़म-भलसौना मार्ग पर गांव के समीप पहुंची तो रोड पर कुछ दिखाई नहीं देने पर अनियंत्रित होकर रजवाहे में जा गिरी। बस गिरते ही बारातियों में चीख-पुकार मच गई। बाराती बस के शीशे तोड़कर बाहर निकले और भाग खडे़ हुए। वहीं, बारातियों का शोर सुनकर वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने गांव में जानकारी दी। इस पर कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में बुरी तरह से फंसे बारातियों को बाहर निकाला। बस में धर्मपाल कश्यप, सुरेंद्र कश्यप, सतीश कश्यप, राजेश, वीरेंद्र एवं परिचालक समेत दर्जन भर लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी रोहटा में भर्ती कराया है। परिचालक नानू गांव निवासी बताया है। बस में करीब चालीस बाराती सवार थे। वहीं, बस पलटने की जानकारी पाकर शादी में रंग में भंग पड़ गया। वहीं, बस को क्रेन की मद्द से किसी तरह से बाहर निकाला। हादसे में बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। रोहटा थाना प्रभारी धनवीर सिंह का कहना है कि पुलिस के पहुंचने तक घायलों को सीएचसी भेज दिया गया था। इस बाबत तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।