विभागों में नहीं समन्वय, धन का हो रहा दुरुपयोग
मेरठ। भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष और पार्षद ललित नागदेव ने बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त को पत्र सौंपते हुए महानगर की सड़कों और विभिन्न योजनाओं के सही क्रियान्वयन की बात रखी। साथ ही कहा कि विभागों का आपसी समन्वय न होने से जहां सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, वहीं जनता भी परेशान है।
ललित नागदेव ने कहा कि महानगर में सड़कों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए कोई एक नीति नहीं है। एक ही सड़क पर कई-कई विभाग अलग-अलग योजनाओं से कार्य कर रहे हैं। इससे बेवजह सरकारी पैसे का अपव्यय हो रहा है। नगर निगम, एमडीए, आवास एवं विकास परिषद, पीडब्लूडी विभिन्न योजनाओं में सड़कों का निर्माण कराते हैं, उसी नवनिर्मित सड़क पर कभी टेलीफोन तो कभी गेल या जल निगम आदि खुदाई कर अपना काम शुरू कर देता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में विक्टोरिया पार्क से सर्किट हाउस होते हुए कमिश्नर आवास चौराहा तक सड़क निर्माण हुआ है। अब इस सड़क की खुदाई कर सीएमओ ऑफिस के पास सीवर लाइन का काम होना है। इसलिए शहर में विकास कार्यों के लिए एक समिति बनाई जाए, जो अंतर विभागीय समन्वय के साथ काम करा सके। इस समिति में संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी रखा जाए। मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने दौरान आश्वासन दिया कि वह इस मामले में आवश्यक कार्रवाई कराएंगी।