मेरठ। चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग (मध्य गंगनहर पटरी) पर मंगलवार को कांवड़ यात्रा के लिए पथ प्रकाश व्यवस्था का शुभारंभ डीएम अनिल ढींगरा ने किया। नगर पालिका सरधना की दो लाइट वैन भी रवाना की गईं। डीएम ने कहा कि इस बार कांवड़िये पथ प्रकाश और सुरक्षा के बीच अपनी यात्रा पूरी करेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार पहली बार मध्य गंगनहर की पटरी पर कांवड़ यात्रा के दौरान पथ प्रकाश की व्यवस्था की गयी है। इसमें सलावा पुल, कल्याणपुर कांवड़ मार्ग, नानू पुल से मुरादनगर की तरफ मेरठ की सीमा तक प्रकाश व्यवस्था की गयी है। जिन्हें मंगलवार रात से चालू कर दिया गया। डीएम ने कांवड़ मार्ग पटरी का जगह-जगह रुककर जायजा लिया। उन्होंने एसडीएम सरधना को भी निर्देश दिए कि वह स्वयं कांवड़ मार्ग पर नियमित भ्रमण करें और स्थिति का जायजा लें। डीएम ने गंगनहर के पुलों पर शिवभक्तों के स्नान हेतु सुरक्षा के लिए बल्ली व नहर के एक छोर से दूसरे छोर तक रस्सा बंधवाने के भी निर्देश दिए। ताकि अगर कोई कांवड़ियां स्नान करते समय भूल से बह जाता है, तो वह उन रस्सियों में से किसी एक को पकड़ कर अपनी जान बचा सके। डीएम ने सीएमओ को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के निर्देश दिए।
इस दौरान एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वाच टावर बनाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के अलावा साइकिल सवार पुलिस टोली की ड्यूटी लगायी गयी है। डीएम और एसएसपी ने पुलिस की साइकिल टोली को भी रवाना किया।