मेडिकल कॉलेज बनेगा ई-हॉस्पिटल
मेरठ। जिला अस्पताल के बाद अब मेडिकल कॉलेज भी ई-हॉस्पिटल बनेगा। यहां भी ऑनलाइन पर्चे बनेंगे और घर बैठे मरीज अपनी सुविधा केअनुसार चिकित्सक का अपॉइंटमेंट ले सकेंगे। मेडिकल कॉलेज में ई-हॉस्पिटल बनाए जाने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके मद्देनजर यहां केबिल डाले जाने का कार्य शुरू हो गया है। अगले महीने इस प्रक्रिया के परवान चढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
मेडिकल कॉलेज में हर माह 50 से 60 हजार मरीज आते हैं। सालभर में इनकी संख्या छह लाख से ज्यादा पहुंच जाती है। पिछले साल करीब 6 लाख 40 हजार से ज्यादा मरीज आए थे। ई-हॉस्पिटल व्यवस्था चालू हो जाने केबाद मरीजों को लंबी-लंबी कतारें लगाने से काफी हद तक राहत मिलेगी। समय की भी बचत होगी। सरकार की योजना है कि सभी अस्पताल ऑनलाइन हो जाएं, जिसमें मरीजों का ब्योरा भी अपडेट रहे, उन्हें अपनी इलाज की फाइल लेकर न घूमना पड़े। एक क्लिक पर मरीजों का सारा ब्योरा सामने आ जाए। इसी तहत यह प्रक्रिया चल रही है। जिला अस्पताल में काफी हद तक यह कार्य शुरू हो चुका है। शासन ने जल्द इसे पूरा करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि सरकार की योजना सारे अस्पतालों को एक साथ कनेक्ट करने की है।
मोबाइल केजरिए ले सकेंगे अपॉइंटमेंट
ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद मोबाइल के जरिए ही वेबसाइट पर जाकर बताए गए निर्देशों का पालन कर अपॉइंटमेंट ले सकते हैं और अस्पताल जाकर दिखा सकते हैं। मरीज को लाइन में लगकर पर्चा बनवाने की जरूरत नहीं है। वह मोबाइल से ही इस प्रक्रिया को पूरी कर सकता है।
अगले महीने तक पूरी हो जाएगी प्रक्रिया
केबिल डालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अगस्त तक इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद ऑनलाइन व्यवस्था होगी।
- डॉ. अजीत चौधरी, सीएमएस मेडिकल कॉलेज
खास बातें:
- प्रक्रिया हुई शुरू, डाला जा रहा केबिल
- ऑनलाइन बनेंगे पर्चे, घर बैठे मिल सकेगा अपॉइंटमेंट
- मेडिकल कॉलेज में हर साल आते हैं छह लाख से ज्यादा मरीज