मेरठ। सीसीएसयू में एमबीबीएस की उत्तर पुस्तिकाएं बदलने के मामले में फरार तीनों आरोपी एसटीएफ के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। तीनों नामजद आरोपियों के परिजन भी घरों पर ताला लगाकर फरार हैं। रात में एसटीएफ ने विवि के कर्मचारी रहे चंद्रप्रकाश की तलाश में भी दबिश दी। लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
इस प्रकरण में विवि का छात्रनेता कविराज, विवि के कर्मचारी कपिल कुमार, संदीप और पवन जेल जा चुके हैं। वहीं फरार आरोपियों सलेखचंद, अंबाला निवासी संदीप और शास्त्रीनगर निवासी चंद्रप्रकाश का कोई सुराग नहीं लगा है। मूल रूप से अलीगढ़ निवासी चंद्रप्रकाश ने शास्त्रीनगर में दो मकान बनाए हैं। दोनों मकानों पर ताला लटका है। सीओ एसटीएफ बृजेश कुमार का कहना है कि आरोपियों के फोन लगातार बंद आ रहे हैं। परिजन भी फरार हैं। चंद्रप्रकाश की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कॉलेज और विवि आ जा सकती है टीम
उधर, इस प्रकरण में गठित एसआईटी के सीओ संजीव देशवाल का कहना है कि मुल्जिम जेल में हैं और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। ऐसे में उत्तर पुस्तिका बदलने के मामले में साक्ष्य विवि और कॉलेज से जुटाए जाएंगे। रविवार को विवि की छुट्टी थी। ऐसे में पुलिस टीम सोमवार को जांच के लिए जा सकती है।