मेरठ। हर साल की भांति इस बार भी बकाया बिजली बिल को लेकर पीवीवीएनएल और नगर निगम के बीच नूरा कुश्ती शुरू हो गई है। कनेक्शन काटने से गुस्साए नगर निगम कर्मियों ने शुक्रवार को नौचंदी बिजलीघर के कैश काउंटर के सामने कूड़े से भरा कूड़ेदान रख दिया। इस पर वहां पहुंचे उपभोक्ता बिना बिल जमा कराए ही चले गए। अधिशासी अभियंता संजय शर्मा ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
करीब सवा दो करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया होने के चलते पीवीवीएनएल ने नगर निगम के कनेक्शनों को काट दिया था। इसके विरोध में नगर निगम ने भी बिजली विभाग को 22 करोड़ रुपये भवन किराया और हाउस टैक्स आदि का नोटिस भेज दिया था। इसके बाद भी कनेक्शन नहीं जोड़ने पर नगर निगम ने शुक्रवार को नौचंदी बिजलीघर स्थित कैश काउंटर के सामने कूड़े से भरा कूड़ेदान रख दिया।
निगम कर्मियों का कहना था कि अगर काटे गए कनेक्शन नहीं जोड़े गए तो बाकी उपखंडों के कैश काउंटर के बाहर भी कूड़ेदान रख दिए जाएंगे। अधिशासी अभियंता संजय शर्मा मौके पर पहुंचे अधीक्षण अभियंता से लेकर मुख्य अभियंता तक को सूचना दी। इसके बाद निगम अधिकारियों से भी बात कर मामले से अवगत कराया। संजय शर्मा ने बताया कि निगम अधिकारियों ने मामला दिखवाने की बात तो कही, लेकिन शाम तक कूड़ेदान नहीं उठवाया। अधीक्षण अभियंता शहर संजय अग्रवाल ने बताया कि कनेक्शन काटने पर निगम ने बिजली विभाग को भवन किराया और टैक्स आदि का 22 करोड़ बकाये का नोटिस भेजा था। उन्होंने निगम अधिकारियों से 22 करोड़ रुपये के बिलों की पूरी रिपोर्ट मांगी है, ताकि उसके भुगतान के लिए यूपीपीसीएल को भेजा जा सके। लेकिन निगम ने इसका कोई जवाब नहीं दिया है।