मेरठ। नगर निगम और पीवीवीएनएल में चल रही राजस्व बकाये की वसूली की लड़ाई में शहरवासी पिस रहे हैं। बिजली के बकाये बिलों की वसूली के लिए पीवीवीएनएल जहां नगर निगम के कनेक्शनों को क ाट रहा है वहीं नगर निगम भी अपने भवन का किराया और बाकी ऑफिसों व कॉलोनियों का हाउस टैक्स का नोटिस भेज रहा है। इस लड़ाई में लोगों को कई-कई दिन सड़कों पर पसरे अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है।
वित्तीय वर्ष की समाप्ति की उल्टी गिनती शुरू होते ही विभागों ने राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के लिए जोर लगा रखा है। पीवीवीएनएल बकाये के चलते सरकारी विभागों के कनेक्शन काटने में लगा है। इस कड़ी में नगर निगम आफिस से लेकर स्ट्रीट लाइटों तक के कनेक्शनों को भी काटा जा रहा है। पिछले दिनों नगर निगम के कनेक्शन काटने के बाद प्रतिक्रिया के चलते नगर निगम ने पीवीवीएनएल को भवन किराये का नोटिस भेज दिया था। इसके बाद भी ऊर्जा विभाग ने बिजली बंबा बाईपास की स्ट्रीट लाइट कनेक्शन काट दिया। इसके चलते बाईपास पर तीन दिन तक अंधेरा पसरा रहा। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि इस बीच कनेक्शन जोड़ने के बाद बाईपास की स्ट्रीट लाइट जलनी शुरू हो गई है।