मेरठ। नगर निगम प्रशासन स्मार्ट सिटी प्रपोजल को अंतिम रूप देने में जुटा है। हालांकि कंसल्टेंट प्रपोजल गुजरात में बैठकर तैयार कर रहे हैं। निगम अधिकारी शुक्रवार को दिन भर संबंधित रिकॉर्ड कंसल्टेंट को भेजते रहे। 27 नवंबर को प्रपोजल उप्र सरकार के सामने पेश किया जाएगा।
राज्य सरकार प्रपोजल केंद्र को भेजेगी। माना जा रहा है कि दिसंबर में ही स्मार्ट शहरों के नामों की सूची जारी होने वाली है। स्मार्ट शहरों की सूची में नाम शामिल कराने के लिए मेरठ के पास अंतिम मौका है। दो दिन पूर्व दिल्ली में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के अधिकारियों के सामने प्रपोजल की प्रजेंटेशन के बाद से नगर निगम प्रशासन और कंसल्टेंट पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटे हैं। 27 नवंबर को उप्र सरकार के सामने पेश होने वाला प्रपोजल अंतिम होगा। इसलिए प्रपोजल में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। बता दें कि स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल होने के लिए मेरठ दो साल से जद्दोजहद कर रहा है। अब तक कई बार प्रपोजल तैयार किया जा चुका है, हर बार कुछ न कुछ जोड़ना पड़ता है। पहले दिन से ही मेरठ के साथ रायबरेली का नाम जोड़कर धोखे की शुरुआत की गई थी। हालांकि अधिकारियों और भाजपा के बड़े नेताओं का दावा है कि इस बार शहर का नाम स्मार्ट सिटी में जोड़ लिया जाएगा।