बड़ौत (बागपत)।
विगत तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण जनपद के शिक्षक आर्थिक तंगी से जूझ रहे है, बार-बार शिकायत करने के बाद भी शिक्षा विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे शिक्षकों में आक्रोश पनप रहा है और उन्होंने जल्द वेतन न मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
शिक्षा विभाग के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा जनपद के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षकों को भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि शिक्षकों को न तो जून माह का वेतन मिला है और न ही जुलाई व अगस्त माह का। इस कारण शिक्षकों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। शिक्षकों ने कहा वेतन न मिलने पर न तो स्कूलों में बच्चों की फीस जमा हो पा रही है और न ही घर का खर्च चल पा रहा है। परिवार के सदस्य के बीमार होने पर पड़ोसियों और रिश्तेदारों से उधार पैसे लेकर काम चलाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।