सजायाफ्ता हरेंद्र बली ने मांगी रंगदारी
बागपत। रटौल के लोहा व्यापारी सुनील से रंगदारी मांगने वाले हरेंद्र बली को बहन की हत्या के मामले में फांसी की सजा हो चुकी है। इन दिनों वह जिला कारागार में बंद है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हरेंद्र बली ने ही अपने गुर्गे भेजकर लोहा व्यापारी से बीस लाख की रंगदारी मांगी और दहशत फैलाने के लिए गोली भी मारी।
बुधवार को पुलिस ने घायल व्यापारी के भाई भाई जयकुमार की तहरीर पर हरेंद्र बली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट का कहना है कि शुरूआती जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हरेंद्र बली ने अपनी बहन और उसके प्रेमी की हत्या कर दी थी। इसमें हरेंद्र और उसके पिता दोनों को फांसी की सजा हो चुकी है। पिछले दिनों मेरठ जेल में बंद हरेंद्र के पिता की मौत हो गई थी। उधर, पीड़ित की दुकान पर बुधवार को ताला लटका रहा। इस वारदात से अन्य व्यापारी भी दहशत में है। उन्होंने बैठक कर निर्णय लिया कि केस के खुलासे के लिए एसपी से मिला जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री डॉ. मेराजूद्दीन, बबलू गुप्ता, बंटी, हिमांशु, राजू, कल्लू मौजूद रहे।