सड़क के एक तरफ ही लगेंगे कांवड़ शिविर
प्रशासन ने दी व्यवस्थाओं की जानकारी, लोगों ने दिए कई सुझाव
मेरठ। कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन और सर्व समाज के लोगों की बैठक दिल्ली रोड स्थित एक विवाह मंडप में हुई। इसमें ब्रह्मपुरी, परतापुर और टीपी नगर थाना क्षेत्रों के गणमान्य लोगों, व्यापारियों और ट्रांसपोर्टर, कांवड़ शिविर लगाने वाले लोग शामिल हुए । प्रशासन की ओर से एसीएम कमल श्रीवास्तव, सीओ ब्रह्मपुरी धर्मेंद्र चौहान और तीनों थानाध्यक्ष मौजूद रहे। एसीएम और सीओ ने जानकारी दी कि दिल्ली रोड पर कांवड़ शिविर केवल एक ओर ही लगेंगे। इसी ओर से कांवड़ियों के गुजरने का रास्ता होगा, जबकि दूसरी ओर से हल्के वाहन गुजरेंगे। उन्होंने शिविर संचालकों से कहा कि शिविर की सड़क से निर्धारित दूरी बनाकर रखें ताकि कांवड़ियों को परेशानी ना हो। शिविरों में धीमी आवाज में डीजे बजाने का भी अनुरोध एसीएम ने किया। संचालकों से कहा कि वह शिविरों में बनाए जाने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ सफाई का ध्यान रखें। लाइट आदि की फिटिंग लोहे की बजाय लकड़ी की बल्लियों पर हो ताकि बारिश के मौसम में करंट की आशंका न रहे। बिजली, पानी और सफाई की व्यवस्था प्रशासन नगर निगम और विद्युत निगम से कराएगा।
सात दिनों तक बंद हों शराब के ठेके
बैठक में कई लोगों ने सुझाव दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन रोड को सात से आठ दिन बंद रखता है। वाहनों का प्रवेश नहीं होता। इसी तरह रोड पर पड़ने वाले शराब के ठेकों को भी सात दिनाें तक बंद रखना चाहिये ताकि लोग शराब पीकर यहां हंगामा ना करें ताकि विवाद की कोई आशंका भी ना रहे। सफाई और बिजली आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था की मांग भी शिविर संचालकों ने उठाई।
पार्किंग की व्यवस्था कराए प्रशासन
बैठक में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा में रोड बंद होने से ट्रांसपोर्टरों को अपने ट्रक शहर से बाहर सड़कों पर ही खडे़ करने पड़ते हैं। उनमें चोरी हो जाती है। इसलिए प्रशासन को शहर से बाहर ट्रक खड़े करने को पाकिँग व्यवस्था के अलावा उसमें सुरक्षा का इंतजाम भी कराना चाहिए। व्यापारी पार्किंग शुल्क भी देने को तैयार हैं।
मुस्लिम भी लगवाना चाहते हैं शिविर
बैठक में एक मुस्लिम व्यापारी ने भी कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर लगाने की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि दिल्ली रोड पर कांवड़ शिविर लगाने को उन्होंने अनुमति को आवेदन किया है। कई अन्य मुस्लिम और हिंदू समाज के गणमान्य लोगों ने भी कहा कि वह भी इस शिविर में पूरा सहयोग करेंगे। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी तो व्यापारियों और शिविर संचालकोें ने भी कई सुझाव दिए । बैठक में ट्रांसपोर्टर गौरव शर्मा, व्यापारी नेता पवन मित्तल, कमल ठाकुर, बाबर खान, दिलशाद ,तुषार गुप्ता, दीपक गांधी, करन मनचंदा, सुरेंद्र शर्मा, नीरज मुल्तानी, राजीव गुप्ता नीरज मुल्तानी आदि मौजूद थे।