फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी-बारिश में 1650 खंभे टूटे, 20 घंटे बिजली-पानी के लिए हाहाकार मचा

विज्ञापन
बिजली बंबा बाईपास पर टूटा पड़ा विद्युत पोल
विज्ञापन
मेरठ। जिले में बुधवार रात आंधी-बारिश ने जनपद तबाही मचा दी। आंधी से शहर में 150 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए और 100 से अधिक पेड़ टूटकर लाइनों पर गिरने से घंटों तक बिजली गुल हो गई। वहीं, देहात क्षेत्र में 1500 से अधिक विद्युत पोल टूट गए। लगभग 100 ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुए। अधिकतर क्षेत्रों में 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। हालत यह है कि शहरी क्षेत्र और कस्बों में 10 लाख से अधिक की आबादी को पानी तक नहीं मिल पाया। बृहस्पतिवार सुबह कुछ क्षेत्रों में ही बिजली आपूर्ति सुचारु हो पाई। बाकी हिस्सों में मरम्मत कार्य जारी रहा।
विज्ञापन

शहर में गंगानगर-2, सी ब्लॉक शास्त्रीनगर, फाजलपुर, टीपी नगर बनवारी वाटिका, परतापुर, शताब्दीनगर चार उपकेंद्र क्षेत्रों में 20 घंंटे से अधिक समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। सबसे अधिक प्रभावित परतापुर शताब्दीनगर-4 फीडर क्षेत्र रहा। यहां बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक भी बिजली नहीं आई। यही हाल शहर के गंगानगर-2 उपकेंद्र मीनाक्षीपुर सहित कई इलाकों का रहा। शास्त्रीनगर सी ब्लॉक, एफ ब्लॉक, तक्षशिला कालोनी में भी 20 घंटे से अधिक समय तक बिजली नहीं रही। सूरजकुंड, हापुड़ रोड बिजलीघर क्षेत्र में 15 से 17 घंटे बिजली नहीं रही। शहर में कुल 57 बिजलीघर क्षेत्र हैं। इनमें से 70 प्रतिशत बिजलीघरों में बिजली आपूर्ति सबसे प्रभावित हुई। टीपीनगर क्षेत्र के बनवारी वाटिका निवासी अमित और मीनाक्षीपुरम निवासी व्यापारी नेता लोकेश अग्रवाल ने बताया कि उनके क्षेत्र में 20 घंटे से अधिक बिजली नहीं रही। पानी नहीं मिला और इन्वर्टर भी ठप हो गए। इसके अलावा फाजलपुर, शास्त्रीनगर, शताब्दीनगर, खत्ता रोड पर ही लगभग 20 से अधिक पोल क्षतिग्रस्त हुए। इस कारण बिजली और पानी दोनों प्रभावित रहे। परतापुर इंडस्ट्रीयल क्षेत्र में 22 पोल टूटे जिस कारण बृहस्पतिवार शाम तक बिजली नहीं रही। आंधी से 15 अधिक ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। घंटाघर के प0टेल नगर में लाइन पर पेड़ गिरने के कारण यहां भी 18 घंटे से अधिक समय तक बिजली नहीं रही। व्यापारी अकरम ने बताया कि आंधी के बाद सुबह 10 बजे बिजली आई। इसके बाद फिर शाम तक बिजली नहीं रही। अधिशासी अभियंता 11 केवी नोर्थ प्रशांत सोनी और अधिशासी अभियंता 11 केवी साउथ धर्मवीर सिंह ने बताया कि अधिकांश बिजली घरों में विद्युत आपूर्ति बुधवार देर रात में ही सुचारू कर दी गई थी। बृहस्पतिवार को भी कई बिजलीघर क्षेत्रों में सुधार कार्य किया गया।

पांच बजे कर दिया खैरनगर बाजार किया बंद
बिजली और पानी न होने के चलते बृहस्पतिवार को खैरनगर दवा बाजार शाम पांच बजे ही बंद कर दिया। हॉलसेल एवं केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह, महामंत्री घनश्याम मित्तल, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, संगठन प्रभारी अरुण त्यागी ने बताया कि 24 घंटे से बाजार में बिजली और पानी नहीं हैं। व्यापार चौपट हो गया हैं। वहीं, शहर के खड़ौली बिजलीघर, बेगमपुल, नौचंदी, लोहियानगर, मेडिकल, मोहकमपुर, परतापुर, रामलीला ग्राउंड, लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड,प्यारे लाल, हापुड़ रोड, सेंट्रल मार्केट, विकासपुरी समेत अन्य हिस्सों में भी लोग बेहाल रहे। बिजली का संकट और पानी की व्यवस्था न होने पर लोगों ने हंगामा भी किया। कैंट विधायक ने नगर आयुक्त से शिकायत की और जल्द पानी की व्यवस्था के लिए निर्देश दिए। महापौर ने भी बिजली-पानी की व्यवस्था के लिए अफसरों को फोन करके जानकारी ली।
विज्ञापन

पानी की सप्लाई करने में हांफ गया निगम
मेरठ। गंगनहर स्थित भोला की झाल पर 100 एमएलडी का प्लांट लगा हुआ हैं, जहां से गंगाजल की आपूर्ति शहर में होती हैं। प्लांट पर बिजली नहीं है और जनरेटर की व्यवस्था निगम ने नहीं कर रखी हैं। इसके अलावा अवर जलाशय पर जनरेटर नहीं हैं। बिजली गुल होने के कारण पानी के लिए शहर में हाहाकार मच गया। कासमपुर, मीनाक्षीपुरम, घंटाघर, जागृति विहार व शास्त्रीनगर में लोगों ने हंगामा किया। व्यवस्था बनाने में निगम हांफ गया। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता, नवीन गुप्ता, शास्त्रीनगर व्यापार मंडल व बेगमपुल व्यापार मंडल सहित कई व्यापारियों ने निगम अफसरों को फोन कर पानी की व्यवस्था के लिए जनरेटर लगाने की मांग रखी। हालात बेकाबू होने पर महाजल प्रबंधक एवं अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार ने रात में 4 जगहों पर किराये पर जनरेटर लगाकर पानी की व्यवस्था कराई। देर रात तक पानी की व्यवस्था करने में निगम का जलकल विभाग लगा रहा ।



वर्जन
आंधी के कारण मेरठ देहात क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ। पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण कई गांवों में बृहस्पतिवार को भी बिजली नहीं रही। मरम्मत कार्यों को कराकर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारू कराने का प्रयास किया गया। - यदुनाथ राम, मुख्य अभियंता, मेरठ जोन-2

-
एमडी ने प्रभावित क्षेत्रों का हाल जाना

प्रबंध निदेशक पीवीवीएनएल ईशा दुहन ने अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया और प्रभावित क्षेत्रों का हाल जाना। अधिकारियों को जल्द से जल्द व्यवधान दूर कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए। वीडियो कांफ्रेंसिंग करके भी तेजी से विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां शहर में गंगानगर, परतापुर, सिविल लाइन, विवि रोड आदि उपकेंद्र क्षेत्र में कार्यों का निरीक्षण किया और जल्द कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेज आंधी व तूफान के कारण कई जनपदों में पेड़ गिरने, पोल टूटने के कारण विद्युत आपूर्ति में व्यवधान हुआ है। अधिकांश जगह विद्युत आपूर्ति सुचारू हो चुकी है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें