फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस भर्ती परीक्षा में पांच और सॉल्वर दबोचे

विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस भर्ती परीक्षा में पांच और सॉल्वर गिरफ्तार
विज्ञापन

सहारनपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा में दूसरे दिन साल्वर गैंग का पांच और सदस्य पुलिस ने पकड़ लिए। एक सॉल्वर मुजफ्फरनगर के एक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। आरोपी के पास से अभ्यर्थी का आधार कार्ड और प्रवेश-पत्र भी बरामद किया है। सॉल्वर के पकड़े जाने पर पुलिस ने परीक्षा केंद्र के बाहर से पंजीकृत अभ्यर्थी को भी गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को हुई पुलिस भर्ती परीक्षा की पहली पाली के दौरान पुलिस को कुतुबशेर थाना क्षेत्र के इस्लामिया इंटर कॉलेज में एक संदिग्ध व्यक्ति के परीक्षा दिए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने केंद्र पर एक कक्ष से संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ की तो वह साल्वर गैंग का सदस्य निकला।
विज्ञापन

एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी बिहार के नवादा जिले के ग्राम अमरपुर निवासी शिव शंकर है, जो मुजफ्फरनगर के शाहपुर क्षेत्र के गांव तावली निवासी सुहेल के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। आरोपी शिवशंकर के पास से सुहेल का आधार कार्ड और प्रवेश पत्र भी बरामद हुआ है, जिसे वह परीक्षा केंद्र में लेकर बैठा था। पुलिस आरोपी से सॉल्वर गैंग के बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान पुलिस ने सॉल्वर गैंग के चार और सदस्यों को पकड़ा है। इन सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इन चारों को मानकमऊ के अमर शहीद मेमोरियल स्कूल से पकड़ा है।
ईयर फोन लगाकर परीक्षा देने पहुंचा अभ्यर्थी
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि नकुड़ क्षेत्र में भी एक परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में सिर पर पहनने वाली ऊनी कैप में ईयर फोन छुपाकर ले गया था। तलाशी के दौरान उसके पास से ईयर फोन बरामद हो गया और उसे परीक्षा के लिए अयोग्य करार देकर कक्ष से बाहर कर दिया गया।
रविवार को गागलहेड़ी से पकड़े थे चार
पुलिस ने रविवार को भी गागलहेड़ी से पुलिस भर्ती परीक्षा दे रहे सॉल्वर गैंग के दो सदस्यों समेत चार लोगों को पकड़ा था। जिनमें बागपत के बिनौली निवासी रवि और बिहार निवासी बिजेंद्र साल्वर गैंग के सदस्य थे। बिजेंद्र ने सुबह की पाली में बिनौली निवासी दीपक के स्थान पर परीक्षा दी थी। जबकि शाम की पाली में बिजेंद्र ने ही राकेश निवासी परतापुर मेरठ के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया था।
विज्ञापन

रवि कराता था सेटिंग
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि बागपत के बिनौली निवासी रवि ही अभ्यर्थियों की सेटिंग सॉल्वर से कराता था। रविवार को गागलहेड़ी के पीजी पॉयस इंटर कॉलेज के बाहर से पकड़े गए आरोपी रवि ने ही दीपक और राकेश के साथ सॉल्वर बिजेंद्र की सेटिंग कराई थी। बिजेंद्र बिहार का रहने वाला है। दो लाख से पांच लाख रुपये में परीक्षा पास कराने का ठेका लिया गया था। वहीं, सोमवार को पकड़ा गया सॉल्वर शिवशंकर भी बिहार का रहने वाला है। संभावना है कि शिवशंकर और बिजेंद्र एक ही गैंग से जुड़े हैं, जो अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने का ठेका लेते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें