सिखों पर हुए हमले के विरोध में मार्च निकाला
- शिव चौक होते हए कलक्ट्रेट पहुंचा मार्च
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। अफगानिस्तान में सिखों पर जानलेवा हमले के विरोध में सिख समुदाय ने रोष व्यक्त करते हुए बुधवार को श्री गुरु सिंह सभा थापर नगर से मार्च निकाला। मार्च शिव चौक से कचहरी होते हुए और वाहे गुरू जी का खालसा, वाहे गुरू जी की फतेह का उच्चारण करते हुए ज्ञापन देने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचा। यहां हमले के विरोध में प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय सिख संगत, मेरठ महानगर के बैनर तले प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष दलजीत सिंह ने भारत सरकार से घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए अफगानिस्तान की सरकार पर दबाव बनाने की मांग की। महामंडलेश्वर कृष्ण स्वरूप महाराज, महंत महेन्द्र दास, मां निलिमा आनन्द ने मार्च में शामिल होकर समर्थन किया। इसके अलावा व्यापारी वर्ग एवं सामाजिक संगठनों ने भी घटना को निंदनीय बताया। मार्च में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर विश्व की निंदनीय घटनाओं में से एक बताया। प्रदर्शन में विहिप के बलराज डूंगर, दर्शनलाल अरोड़ा, ललित नागदेव, सुरेश छाबड़ा, सतनाम सिंह, सरदार उरविन्दर सिंह, सुशील बक्शी, पूर्व मेयर हरिकांत अहलूवालिया, सत्यप्रकाश अग्रवाल, अश्वनी मल्होत्रा, कुलजीत कौर, रेखा वाधवा, वीनस शर्मा, नरेंद्र उपाध्याय और प्रीतम कौर आदि शामिल रहे।