मेरठ। करन पब्लिक स्कूल के मैदान पर शुक्रवार को फुटबॉल के दो मैच हुए। जिनके बाद एसएएस और फ्रेंड्स क्लब के बीच फाइनल खेलना तय हुआ।
एसएएस फुटबॉल लीग चैंपियनशिप में मुकाबले शुरू होने से पूर्व मुख्य अतिथि कैलाश प्रकाश स्टेडियम के कोच ललित पंत ने खिलाड़ियों से परिचय लिया। पहले मुकाबला फ्रेंड्स क्लब व करन फुटबॉल क्लब के बीच हुआ। फ्रेंडस के निकुंज ने 10वें मिनट में ही पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। उसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी लगातार अटैक कर एक-दूसरे पर दबाव बनाने में लगे रहे। 36वे मिनट में मिले तीसरे पेनल्टी कॉर्नर को करन क्लब के चिराग थाना ने बिना समय गंवाए गोल में बदल दिया। दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। 76 वें मिनट में फ्रेंड्स क्लब के तुषार ने बड़ी चतुराई से फील्ड गोल कर बढ़त बना दी। मैच फ्रेंड्स क्लब ने 2-1 से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।
दूसरा मुकाबला एसएएस क्लब व स्टार-11 के बीच रहा। कड़ी टक्कर के चलते हाफ तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। एसएएस की टीम के खिलाड़ियों ने अटैक जरूर किया। लेकिन कामयाब नहीं हो सके। दूसरे हाफ के बाद मैच ड्रा रहा। एसएएस क्लब की टीम ने अपने पिछले मैचों में जीत की बदौलत फाइनल में जगह बना ली। आयोजक सचिव सुशील त्यागी ने बताया कि शनिवार दोपहर फाइनल मुकाबला खेला जएगा। इस मौके पर मो. शाहरुख, अंकित गौरम, आशीष तोमर, सोनिया, अंशुल, प्रभा ठाकुर आदि मौजूद रहे।