मोदीपुरम (मेरठ)। कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि यूपी में सपा-बसपा महागठबंधन नहीं चल पाएगा। देश को बचाना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से लाना होगा।
जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदरपाल सिंह के एकता अपार्टपेंट स्थित आवास पर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल का भाजपाइयों ने स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में बघेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बड़ी समस्या गिरते भूजल स्तर की है। इससे निपटने के लिए सरकार चेकडैम (छोटे बांध) बनवाएगी। तालाबों पर अतिक्रमण रुकना चाहिए। आवारा पशुओं की समस्या भी जल्द हल कराई जाएगी।
2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि सपा-बसपा के महागठबंधन का उत्तर प्रदेश में कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। देश में आज तक गठबंधन ज्यादा दिन नहीं टिके हैं। इस गठबंधन में तो अभी से दरार पड़ने लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों से विपक्षी दल बौखला गए हैं। देश को सुरक्षित रखना है तो जनता को फिर से नरेंद्र मोदी के हाथों में कमान सौंपनी होगी। बघेल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि 2014 के चुनाव में समाजवादी परिवार के खास सदस्य ही लोकसभा का चुनाव जीते। जबकि कार्यकर्ताओं को एक भी चुनाव जिता नहीं पाए।
मनिंदरपाल सिंह ने गिनाईं समस्याएं
जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदरपाल सिंह ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष कई समस्याएं रखीं, जिनका मंत्री ने निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, ठाकुर प्रतीश कुमार, प्रदीप त्यागी, जयकेश, रविंद्र गौतम, तुलसी, अनिल चौधरी आदि मौजूद रहे।