जेल से लेकर कैंट बोर्ड तक के बिजली कनेक्शन काटे
मेरठ। पीवीवीएनएल ने बिजली बकाया दबाए बैठे सरकारी विभागों के खिलाफ बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने जेल से लेकर कैंट बोर्ड और मेरठ कॉलेज के कनेक्शन काट दिए। बिजली आपूर्ति सामान्य करने के लिए इनकों जेनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है।
आम उपभोक्ताओं के साथ ही सरकारी विभाग भी बिजली बिल बकाये पर कुंडली मारे बैठे हैं। मार्च माह शुरू होने के बाद भी सरकारी विभाग बकाये का भुगतान नहीं कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को विद्युत नगरीय वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता मनीष गुप्ता के नेतृत्व में चले अभियान में 27 सरकारी कनेक्शनों को काट दिया गया। इसमें सबसे ज्यादा जेल पर 1 करोड़ 7 लाख रुपये का बिल बकाया है। इसके अलावा नगर निगम, कैंट बोर्ड, एसपी देहात, वाणिज्य कर विभाग, पीडब्लूडी, सेना का डेयरी फार्म, रोडवेज, टेलीफोन एक्सचेंज, आवास विकास आदि के साथ ही सौ से ज्यादा कनेक्शन काटे गए।
वहीं दूसरी तरफ विद्युत नगरीय वितरण खंड चतुर्थ के अधिशासी अभियंता पीके सिंह के निर्देश पर 93 कनेक्शन काटे गए। इन कनेक्शनों पर 27 लाख रुपये बकाया था। इसमें सात कनेक्शन सरकारी थे। कटे कनेक्शनों से करीब छह लाख रुपये राजस्व की वसूली की गई। पीवीवीएनएल की बड़ी कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मचा हुआ है। एमडी आशुतोष निरंजन ने बताया कि ये अभियान पूरे पश्चिमांचल में चलाया जा रहा है। जो भी सरकारी विभाग बकाये का भुगतान नहीं करेगा उसके कनेक्शन काटे जाएंगे।