गंगानगर। इंचौली क्षेत्र के लालपुर-नबीपुर चौराहे पर शनिवार सुबह स्कूली बच्चों से भरे जुगाड़ वाहन की टक्कर से बाइक सवार वृद्धा की मौत हो गई। जबकि युवक घायल हो गया। वृद्धा का शव करीब आधा घंटा तक सड़क पर पड़ा रहा। लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। बाद में परिजनों ने कोई कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया।
किनानगर, भावनपुर निवासी इमाम शाहरुख (22) पुत्र खालिद शनिवार को स्कूल से प्रवेश पत्र लेने बाइक से जा रहा था। मस्जिद के पास रहने वाली 65 वर्षीय वृद्धा बिसमिल्लाह अपने बेटी से मिलने की बात कहते हुए शाहरुख की बाइक पर बैठ गई। जब दोनों लालपुर- नबीपुर चौराहे पर पहुंचे तो सामने से आ रहे स्कूली बच्चों से भरे जुगाड़ वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से वृद्धा की जुगाड़ वाहन के नीचे आने से मौत हो गई। जबकि शाहरुख घायल हो गया।
करीब आधे घंटे तक वृद्धा का शव सड़क पर पड़ा रहा और शाहरुख भी घायलावस्था में पड़ा रहा। लेकिन कोई मदद नहीं मिली। बाद में निजी एंबुलेंस से शाहरुख को निजी अस्पताल ले जाया गया। मौके पर पहुंची इंचौली पुलिस ने वृद्धा का शव कब्जे में लेकर उसके परिजनों को सूचित किया। लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम या अन्य कोई कानूनी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया।
खास बातें:
- इंचौली में हादसा, स्कूल से बच्चों को ले जा रहा था जुगाड़ वाहन
- करीब आधा घंटा सड़क पर ही पड़ा रहा वृद्धा का शव