मेरठ। आवास एवं विकास परिषद ने विवि मार्ग स्थित मंगल पांडे नगर में सात आवासीय भूखंडों पर व्यावसायिक निर्माण होना मानते हुए उनका आवंटन रद्द कर दिया है। स्थानीय लोग आवासीय कॉलोनी में व्यावसायिक निर्माण का लगातार विरोध कर रहे थे।
स्थानीय लोगों को डर था कि मंगल पांडे नगर आवासीय कॉलोनी का सेंट्रल मार्केट की तरह व्यवसायीकरण न हो जाये। इस संबंध में हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की गई थी। जिसके बाद आवास-विकास विभाग पर लगातार दबाव डाला जा रहा था। संपत्ति विभाग अधिकारी आरपी भास्कर ने बताया कि आवासीय भूखंडों पर आंशिक व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। जिसको रोकने के लिए आवंटन रद्द किया गया है। वहीं, अधिशासी अभियंता शशि भूषण ने बताया कि संपत्ति विभाग की ओर से आवंटन निरस्त की कॉपी निर्माण खंड में आ गई है। अगर ये सभी अवैध निर्माण नहीं रुके तो भवन खाली कराने हेतु कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार इनमें कैलाश डेयरी, कार डेकर, कृष्णा इलेक्ट्रानिक्स, डॉ. सपना अग्रवाल क्लीनिक सहित 3 अन्य दुकानों के भूखंडों के आवंटन रद्द किए गए हैं।
- मंगल पांडे नगर का मामला, आवास विकास परिषद ने की कार्यवाही